Muzaffarnagar News: प्रेम प्रसंग से नाराज भाई ने बहन की गला रेतकर हत्या की, आरोपी फरार

Muzaffarnagar News: शाहपुर के आदमपुर गांव में 21 वर्षीय युवती की उसके भाई ने कथित तौर पर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी फरार है, पुलिस तलाश में जुटी।

Amit Kaliyan
Published on: 31 May 2026 8:44 PM IST
Angry brother kills sister by strangulation, accused absconds
X

प्रेम प्रसंग से नाराज भाई ने बहन की गला रेतकर हत्या की, आरोपी फरार (Photo- Newstrack)

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर, 31 मई। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शाहपुर थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी बहन की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 21 वर्षीय अदीबा के रूप में हुई है। आरोप है कि उसके 25 वर्षीय भाई आमिर ने उसकी हत्या की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती का किसी युवक से प्रेम प्रसंग था और वह उससे फोन पर बातचीत किया करती थी। इसी बात को लेकर आरोपी भाई नाराज था।

बताया जा रहा है कि रविवार को इसी विवाद के चलते आमिर ने अपनी बहन पर चाकू से हमला कर दिया और उसका गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा भी पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड की भी मदद ली। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि शाहपुर थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव से सूचना मिली थी कि एक युवती की उसके सगे भाई ने हत्या कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवती किसी युवक से बातचीत करती थी, जिससे आरोपी भाई नाराज था। इसी वजह से उसने चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। फोरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए जा चुके हैं तथा मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Amit Kaliyan
ABOUT THE AUTHOR

Amit Kaliyan

Next Story