Muzaffarnagar: मुठभेड़ में घायल बदमाश दर्द से नहीं, तलब में चिल्लाया – "साहब, दो एक बीड़ी पिलवा दो"

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में पुलिस एनकाउंटर के बाद बदमाश की अजीब फरमाइश बनी चर्चा का विषय, वीडियो वायरल

Amit Kaliyan
Published on: 1 Jun 2026 5:48 PM IST
X

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हुए एक शातिर बदमाश की अनोखी फरमाइश इन दिनों पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। आमतौर पर गोली लगने के बाद घायल व्यक्ति दर्द से कराहता नजर आता है, लेकिन यहां मामला कुछ अलग ही था। पुलिस की गोली से घायल बदमाश जमीन पर पड़ा था और दर्द से चीखने के बजाय पुलिसकर्मियों से बार-बार कह रहा था, "साहब, दो एक बीड़ी पिलवा दो..."।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़

जानकारी के अनुसार रविवार देर शाम थाना रामराज पुलिस जमालपुर नहर पटरी पर संदिग्ध वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस के मुताबिक खुद को घिरता देख युवक ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया।



पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।

दर्जनभर से अधिक मुकदमों में वांछित

पूछताछ में घायल बदमाश की पहचान इनाम के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके कब्जे से एक संदिग्ध बाइक, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।



वीडियो ने बटोरी सुर्खियां

घटना के बाद वायरल हुए वीडियो में घायल बदमाश जमीन पर लेटा दिखाई दे रहा है। हैरानी की बात यह है कि वह दर्द की शिकायत करने के बजाय बार-बार बीड़ी की मांग करता सुनाई देता है। यही वजह है कि उसकी यह अजीब फरमाइश जिले भर में चर्चा का विषय बन गई है।



क्या बोलीं सीओ जानसठ

सीओ जानसठ ऋषिका सिंह ने बताया कि थाना रामराज पुलिस नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। जांच में उसके खिलाफ चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद हुई है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

दर्द से ज्यादा बीड़ी की तलब!

मुजफ्फरनगर पुलिस मुठभेड़ की यह घटना अब सिर्फ एक एनकाउंटर नहीं, बल्कि घायल बदमाश की "बीड़ी वाली फरमाइश" के कारण चर्चा और सोशल मीडिया की सुर्खियों में बनी हुई है। गोली लगने के बाद भी उसका पहला सवाल इलाज नहीं, बल्कि बीड़ी को लेकर था, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है।

Amit Kaliyan
ABOUT THE AUTHOR

Amit Kaliyan

Next Story