Muzaffarnagar News: सड़क किनारे कूड़े के ढेर पर मिली सरकारी दवाइयों की खेप, विभाग में मचा हड़कंप

Muzaffarnagar News मुजफ्फरनगर में सड़क किनारे कूड़े के ढेर में सरकारी दवाइयों की खेप मिलने से हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदारों की तलाश की जा रही है।

Amit Kaliyan
Published on: 15 May 2026 2:17 PM IST
Muzaffarnagar News
X

Muzaffarnagar News(Photo-Social Media)

Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब खतौली कोतवाली क्षेत्र स्थित गंग नहर कांवड़ पटरी मार्ग पर सड़क किनारे कूड़े के ढेर में सरकारी दवाइयों की बड़ी खेप लावारिस हालत में पड़ी मिली। इस घटना के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना पर मौके पर पहुंची सीएससी टीम

मामले की जानकारी मिलते ही खतौली सीएससी प्रभारी सतीश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने मौके पर पहुंचकर दवाइयों की जांच की और उन्हें कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि बरामद खेप में कुछ दवाइयां एक्सपायर थीं, जबकि कुछ दवाइयां सही हालत में भी पाई गईं।

दवाइयों के स्रोत की जांच में जुटा विभाग

अब स्वास्थ्य विभाग यह पता लगाने में जुट गया है कि ये दवाइयां कहां की हैं और इन्हें किसने सड़क किनारे फेंका है। विभाग बैच नंबर के आधार पर दवाइयों की पहचान करने की कोशिश कर रहा है, ताकि इनके स्रोत का पता लगाया जा सके।

बड़ी लापरवाही के आरोप, जांच के आदेश

इस घटना ने चिकित्सा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। प्राथमिक तौर पर इसे बड़ी लापरवाही माना जा रहा है। विभागीय स्तर पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

दोषियों पर होगी कार्रवाई

खतौली सीएससी प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि सभी दवाइयों को मौके से कलेक्ट कर लिया गया है और जांच की जा रही है कि ये दवाइयां किस अस्पताल या केंद्र की हैं। उन्होंने कहा कि यदि यह दवाइयां विभाग से संबंधित पाई जाती हैं तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Amit Kaliyan
ABOUT THE AUTHOR

Amit Kaliyan

Next Story