TRENDING TAGS :
Muzafarnagar News: पत्नी पर गलत नजर रखने से नाराज छोटे भाई ने बड़े भाई को उतारा मौत के घाट
Muzafarnagar News: मुजफ्फरनगर के चरथावल में छोटे भाई ने पत्नी से बदसलूकी से तंग आकर बड़े भाई की ईंट से हत्या कर शव नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया।
पत्नी पर गलत नजर रखने से नाराज छोटे भाई ने बड़े भाई को उतारा मौत के घाट (Photo- Newstrack)
Muzafarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चरथावल थाना क्षेत्र में छोटे भाई ने अपनी पत्नी पर गलत नजर रखने और लगातार बदसलूकी करने से परेशान होकर अपने ही बड़े भाई की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया ताकि किसी को उस पर शक न हो, लेकिन पुलिस जांच में पूरा मामला खुलकर सामने आ गया।
नहर किनारे झाड़ियों में मिला था शव
जानकारी के मुताबिक 29 अप्रैल को चरथावल थाना क्षेत्र के बिरालसी गांव स्थित नहर किनारे झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने की कोशिश शुरू की गई। जांच के दौरान मृतक के हाथ पर “दीपक” नाम गुदा हुआ मिला, जिसके बाद शव की पहचान रुकनपुर निवासी दीपक के रूप में हुई।
सीसीटीवी फुटेज से खुला हत्या का राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो अहम सुराग हाथ लगे। जांच में सामने आया कि 28 अप्रैल की शाम दीपक अपने छोटे भाई सचिन के साथ मोटरसाइकिल पर गया था। उस दौरान दीपक शराब के नशे में था।
इसके बाद पुलिस का शक सचिन पर गहरा गया। जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली।
पत्नी से बदसलूकी से परेशान था आरोपी
पूछताछ में आरोपी सचिन ने बताया कि उसका बड़ा भाई दीपक अक्सर शराब पीकर उसकी पत्नी के साथ अभद्रता करता था और उस पर गलत नजर रखता था। आरोपी के मुताबिक दीपक की हरकतों से परिवार में लगातार तनाव बना हुआ था। इतना ही नहीं, वह शराब के खर्च के लिए पारिवारिक जमीन बेचने की भी कोशिश कर रहा था।
इन्हीं बातों से परेशान होकर सचिन ने अपने बड़े भाई की हत्या करने की साजिश रची।
ईंट से वार कर की हत्या
आरोपी सचिन दीपक को बिरालसी नहर के पास लेकर गया। वहां उसने ईंट से दीपक के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को झाड़ियों में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया ताकि किसी को उस पर शक न हो।
हत्या में इस्तेमाल ईंट बरामद
सीओ सदर रविशंकर मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट भी बरामद कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पहले से पारिवारिक विवाद में घिरा था दीपक
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मृतक दीपक की शादी पहले हो चुकी थी, लेकिन काफी समय पहले उसका पत्नी से विवाद हो गया था। विवाद के बाद उसकी पत्नी मायके में रह रही थी। अब पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।


