TRENDING TAGS :
UP पुलिस की रडार पर नोएडा कांड के मास्टरमाइंड, DGP की दो टूक- भड़काने वालों को बख्शेंगे नहीं
Noida Protest: नोएडा में मजदूरों के बवाल के बाद अब उत्तर प्रदेश पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। नोएडा में हालात बिगड़ने के बाद प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण और एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश खुद मोर्चा संभाले हुए हैं।
फोटो- सोशल मीडिया
Noida Protest: नोएडा में मजदूरों के बवाल के बाद अब उत्तर प्रदेश पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। नोएडा में हालात बिगड़ने के बाद प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण और एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश खुद मोर्चा संभाले हुए हैं और लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय से हर गतिविधि पर नजर रख रहे हैं।
कंट्रोल रूम से पल-पल की निगरानी
लखनऊ में बने हाई-टेक कंट्रोल रूम से डीजीपी राजीव कृष्ण और एडीजी अमिताभ यश लगातार नोएडा की स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। डिजिटल माध्यमों और सीसीटीवी फुटेज के जरिए उपद्रवियों की हर हरकत पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि हिंसा भड़काने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने साफ शब्दों में कहा है कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि श्रमिकों को भड़काने वाले लोगों की पहचान की जा रही है और जो भी इसके पीछे जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर भी सख्ती
पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले में सिर्फ स्थानीय लोग ही नहीं, बल्कि बाहरी तत्वों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। खुफिया एजेंसियों की मदद से ऐसे लोगों को चिन्हित किया जा रहा है, जिन्होंने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है। पुलिस का दावा है कि सभी संदिग्धों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
पुलिस सिर्फ जमीन पर ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर भी पूरी तरह एक्टिव हो गई है। डीजीपी ने साफ कहा है कि अफवाह फैलाने वालों को बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा। साइबर सेल को अलर्ट कर दिया गया है ताकि भ्रामक पोस्ट करने वालों की तुरंत पहचान कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा सके।
कैसे उग्र हुआ मजदूरों का प्रदर्शन?
दरअसल सोमवार को वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर मजदूरों का प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया। सुबह सैकड़ों मजदूर सड़कों पर उतर आए और देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए। फेज-2 इलाके में प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिस जीप में तोड़फोड़ की और उसे पलट दिया।
हिंसा और तोड़फोड़ के कई वीडियो आए सामने
घटना के कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें उग्र मजदूर पुलिस वाहन में तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं। एक वीडियो में मजदूरों ने पुलिस वेन को पलट दिया और उसमें आग लगा दी। इसके अलावा कई जगहों पर पथराव की घटनाएं भी देखने को मिलीं।
पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग
वहीं स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया गया। हालांकि इसके बावजूद अलग-अलग इलाकों में मजदूरों के सड़क पर उतरने की खबरें आती रहीं।
फिलहाल नोएडा के संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पुलिस का कहना है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। साथ ही, पूरे मामले की गहन जांच जारी है और हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।


