TRENDING TAGS :
Pilibhit News: नगर पंचायत चेयरमैन ने हजारों आवास लाभार्थियों संग डीएम कार्यालय का किया घेराव
Pilibhit News: पीलीभीत में नौगवां पकड़िया नगर पंचायत की चेयरमैन संदीप संधू ने हजारों प्रधानमंत्री आवास योजना लाभार्थियों के साथ डीएम कार्यालय का घेराव किया। फर्जी शिकायतों और लंबित आवास किस्तों को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई गई।
Pilibhit News(Photo-Social Media)
Pilibhit News: जिले की नौगवां पकड़िया नगर पंचायत की चेयरमैन संदीप कौर संधू ने जिला प्रशासन के रवैये से नाराज होकर हजारों प्रधानमंत्री आवास योजना लाभार्थियों और समर्थकों के साथ डीएम कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगें रखी गईं। चेयरमैन संदीप संधू ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ लगातार फर्जी शिकायतें कर उनकी और सरकार की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों और प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं, जिससे लाभार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान चेयरमैन ने जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह से कहा कि यदि उनके खिलाफ कोई शिकायत है तो उसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाए, लेकिन जांच के नाम पर विकास कार्यों को बाधित न किया जाए। उन्होंने कहा कि लगातार शिकायतों के कारण योजनाओं का लाभ लोगों तक समय पर नहीं पहुंच पा रहा है।
चेयरमैन ने दावा किया कि उनके साथ आए हजारों लोग प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी हैं, जो प्रशासनिक कार्यशैली से परेशान हैं। उनका कहना था कि उनके क्षेत्र को विशेष रूप से निशाना बनाया जा रहा है, जबकि लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार हैं। वहीं, चेयरमैन प्रतिनिधि एवं उनके पति संतोख संधू ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व और कथित हिस्ट्रीशीटर किसान संगठनों का सहारा लेकर आवास योजना के लाभार्थियों से अवैध वसूली करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि शिकायतों की सत्यता की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के 726 लाभार्थियों की दूसरी किस्त लंबित है, जिससे गरीब परिवारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन को इस समस्या के समाधान के लिए शीघ्र कदम उठाने चाहिए। घंटों चले प्रदर्शन और हंगामे के बाद जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त अभी शासन स्तर से जारी नहीं हुई है। जैसे ही धनराशि प्राप्त होगी, लाभार्थियों के खातों में दूसरी किस्त भेज दी जाएगी। जिलाधिकारी के आश्वासन के बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया।


