Pilibhit News: महंगाई, बेरोजगारी और नीट पेपर लीक के विरोध में सपाइयों का अनोखा प्रदर्शन

Pilibhit News: महंगाई, बेरोजगारी, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर अनोखा प्रदर्शन किया।

Pranjal Gupata
Published on: 30 May 2026 3:19 PM IST
Pilibhit News: महंगाई, बेरोजगारी और नीट पेपर लीक के विरोध में सपाइयों का अनोखा प्रदर्शन
X

Pilibhit News

Pilibhit News: भाजपा सरकार में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में सपाई नेता और कार्यकर्ता अर्धनग्न अवस्था में एकत्रित हुए और कार में रस्सी बांधकर उसे खींचते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

समाजवादी पार्टी के नेताओं का आरोप था कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल, डीजल और एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि से आम परिवारों का बजट बिगड़ गया है, जबकि बेरोजगारी की समस्या भी लगातार गंभीर होती जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार जनता की मूल समस्याओं से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है, जबकि महंगाई और रोजगार जैसे मुद्दों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।प्रदर्शन के दौरान सपाइयों ने नीट परीक्षा के पेपर लीक मामले को भी प्रमुखता से उठाया। नेताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रही अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ गया है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

कलेक्ट्रेट पहुंचने पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सहित कई नेताओं की सिटी मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई। हालांकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को शांत कराया।प्रदर्शन के अंत में समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा। ज्ञापन में बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, पेट्रोल-डीजल और एलपीजी के दाम कम करने तथा नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। यह प्रदर्शन पूरे दिन जिला मुख्यालय पर चर्चा का विषय बना रहा।

Pranjal Gupata
ABOUT THE AUTHOR

Pranjal Gupata

Next Story