TRENDING TAGS :
Pratapgarh News: निराश्रित श्वान प्रबंधन पर सख्ती, डीएम की अध्यक्षता में समिति बैठक सम्पन्न
Pratapgarh News: प्रतापगढ़ में निराश्रित श्वानों की समस्या पर डीएम शिव सहाय अवस्थी की अध्यक्षता में बैठक, एबीसी कार्यक्रम लागू करने के निर्देश।
Pratapgarh News(Photo-Social Media)
Pratapgarh News: निराश्रित श्वानों की बढ़ती समस्या तथा उससे जुड़ी जन-सुरक्षा और जन-स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को लेकर जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय सभागार में जिला ग्रामीण क्षेत्र श्वान प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा पारित आदेशों के अनुपालन की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान निराश्रित पशुओं के प्रबंधन को लेकर व्यापक कार्ययोजना पर चर्चा की गई। इसके तहत जनपद स्तर पर जिला स्तरीय श्वान प्रबंधन समिति का गठन किया गया है, जिसमें जिलाधिकारी को अध्यक्ष, मुख्य विकास अधिकारी को उपाध्यक्ष तथा जिला पंचायत राज अधिकारी को सदस्य सचिव नामित किया गया है। स्वास्थ्य, पशुपालन, शिक्षा, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को समिति का सदस्य बनाया गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत और क्षेत्र पंचायत स्तर पर निराश्रित श्वानों का चिन्हांकन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत में एक-एक केटल कैचर की व्यवस्था की जाए। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि चिन्हांकित श्वानों के लिए एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) कार्यक्रम के अंतर्गत बधियाकरण एवं टीकाकरण की प्रभावी कार्ययोजना बनाकर उसका क्रियान्वयन कराया जाए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि पालतू श्वानों को छोड़कर केवल आवारा एवं निराश्रित श्वानों का ही चिन्हांकन किया जाए। आवश्यकता अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत स्तर पर श्वान गृह का निर्माण कराया जाए, जिसमें निर्धारित धनराशि का उपयोग पंचायत निधि से किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि श्वान गृह का निर्माण किसी भी शिक्षण संस्था या सार्वजनिक प्रतिष्ठान के आसपास न किया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को शासन के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, डीसी मनरेगा संतोष कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकांत दर्वे, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत नरेन्द्र पाल सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेन्द्र कुमार मौर्य सहित समस्त खंड विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


