Pratapgarh News: मानसिक रोगियों की बदहाली पर महिला आयोग सख्त, वृद्धाश्रम को चेतावनी

Pratapgarh News: महिला आयोग सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने वन स्टाप सेंटर, अस्पताल, वृद्धाश्रम, जेल समेत कई संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं परखी, लापरवाही पर जताई नाराज़गी

Shashi kant gautam
Published on: 6 Feb 2026 9:41 PM IST
Women Commission on Rehabilitation of Mental Patients Strong, Warns Old Age Homes
X

मानसिक रोगियों की बदहाली पर महिला आयोग सख्त, वृद्धाश्रम को चेतावनी (Photo- Newstrack)

Pratapgarh News: प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने जिले में महिला एवं सामाजिक कल्याण से जुड़े विभिन्न संस्थानों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भुलियापुर स्थित वन स्टाप सेंटर, आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय, जिला महिला चिकित्सालय, चिलबिला वृद्धाश्रम और जिला कारागार का दौरा कर व्यवस्थाओं की हकीकत जानी।


वन स्टाप सेंटर में महिलाओं से सीधा संवाद

वन स्टाप सेंटर में निरीक्षण के समय तीन महिलाएं निरुद्ध पाई गईं। महिला आयोग सदस्य ने उनसे उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और उनकी व्यक्तिगत समस्याओं के बारे में बातचीत की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

आंगनबाड़ी व विद्यालय में सुविधाओं की पड़ताल

इसके बाद उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र भुलियापुर का निरीक्षण किया, जहां बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की जानकारी ली गई। इस अवसर पर एक बच्चे का अन्नप्राशन और दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई गई। गर्भवती महिलाओं की नियमित देखभाल और समय पर चिकित्सकीय जांच कराने के निर्देश दिए गए। बच्चों को बिस्किट वितरित कर आंगनबाड़ी आने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण में बाल शौचालय और बाउंड्रीवाल निर्माण के निर्देश दिए गए। सफाई कर्मी की अनियमितता से महिला शौचालय गंदा रहने की शिकायत पर तत्काल समाधान के आदेश दिए गए।

जिला महिला चिकित्सालय में व्यवस्थाओं की समीक्षा

जिला महिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान सभी वार्डों में भर्ती महिलाओं से सुविधाओं की जानकारी ली गई। उन्होंने मरीजों को फल वितरित किए और बेहतर देखभाल के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को दिए।


वृद्धाश्रम की बदहाल स्थिति पर कड़ी नाराज़गी

चिलबिला स्थित वृद्धाश्रम में निरीक्षण के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आई। मानसिक विक्षिप्त महिलाओं के कक्ष, बिस्तर और फर्श अत्यंत गंदे और बदबूदार पाए गए। भोजन की गुणवत्ता भी खराब मिली। इस पर महिला आयोग सदस्य ने कड़ा रुख अपनाते हुए वृद्धाश्रम प्रबंधक अम्बिका प्रसाद को अंतिम चेतावनी दी। दो दिन में सुधार न होने पर संस्था को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी दी गई। मानसिक रोगियों को अस्पताल में भर्ती कराने के निर्देश भी दिए गए।

जिला कारागार में महिला बंदियों से संवाद

निरीक्षण के अंतिम चरण में जिला कारागार पहुंचकर महिला कैदियों से बातचीत की गई। उन्हें शिक्षा, चित्रकला, क्रोशिया जैसे रचनात्मक कार्यों के लिए प्रेरित किया गया। आंवला प्रसंस्करण केंद्र ‘आंवलाकृति’ का निरीक्षण कर उत्पादों के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।

Shashi kant gautam
ABOUT THE AUTHOR

Shashi kant gautam

Experienced Hindi Journalist with 6 Years of Experience

Next Story