TRENDING TAGS :
Prayagraj News: बंद मकान से चौथा शव भी बरामद, पति-पत्नी व पुत्री समेत चार की मौत से दहला शहर
Prayagraj News: प्रयागराज के साउथ मलाका में बंद मकान से चौथा शव मिलने से सनसनी फैल गई। पति-पत्नी और बेटी की मौत के बाद अब बेटे के शव की आशंका ने रहस्य बढ़ा दिया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी।
Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जनपद के बहादुरगंज के साउथ मलाका इलाके में मंगलवार को सामने आए सनसनीखेज मौतकांड ने नया मोड़ ले लिया है। बंद मकान से पति-पत्नी और पुत्री के शव मिलने के बाद देर शाम घर के भीतर से एक और शव बरामद हुआ। पुलिस आशंका जता रही है कि यह शव परिवार के बेटे अभिषेक वैश्य का हो सकता है। हालांकि उसकी आधिकारिक पहचान अभी नहीं हो सकी है।
इससे पहले मकान से राजेंद्र वैश्य, उनकी पत्नी और पुत्री के रक्तरंजित शव बरामद हुए थे। कई दिनों से मकान बंद होने और तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी थी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घर का दरवाजा खुलवाकर तलाशी शुरू की थी। जांच के दौरान एक के बाद एक शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार चौथे शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। परिवार का एक अन्य बेटा अभी भी लापता बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल है।
वहीं इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त अजय पाल शर्मा समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए हैं। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे मामला और रहस्यमय हो गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और लापता बेटे की तलाश के बाद ही मौतों के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल चार शव मिलने की घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है।


