TRENDING TAGS :
Prayagraj News: 14 दिन बाद भी रिटायर्ड दरोगा हत्याकांड का खुलासा नहीं, ग्रामीणों में नाराजगी
Prayagraj News: प्रयागराज के लालापुर में सीबीसीआईडी से रिटायर्ड दरोगा रामरतन मिश्रा की घर में हत्या के 14 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश
14 दिन बाद भी रिटायर्ड दरोगा हत्याकांड का खुलासा नहीं (Photo- Newstrack)
Prayagraj News: प्रयागराज जनपद के लालापुर थाना क्षेत्र में सीबीसीआईडी से रिटायर्ड दरोगा रामरतन मिश्रा की हत्या का मामला अब तक रहस्य बना हुआ है। घटना 02 फरवरी की है, लेकिन 14 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस हत्यारों तक नहीं पहुंच सकी है। इससे क्षेत्र में आक्रोश और तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, रामरतन मिश्रा मूल रूप से लालापुर के चकसुचेर गांव के निवासी थे। उनके दो मकान बने हुए थे—एक चकसुचेर में और दूसरा मदुरी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के सामने। वह मदुरी वाले मकान में अकेले रहते थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरे घर में निवास करते थे।
नातिन ने खोला राज
02 फरवरी को उनकी नातिन रोज की तरह खाना देने पहुंची। काफी आवाज देने के बाद भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली और गेट अंदर से बंद था, तो उसने अपने चचेरे भाई को फोन कर बुलाया। भाई गेट फांदकर अंदर पहुंचा तो देखा कि कमरे में रामरतन मिश्रा का शव पड़ा हुआ है और आसपास खून फैला हुआ है। यह दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में
ग्रामीणों की सूचना पर लालापुर पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई गई, लेकिन अब तक पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है।
ग्रामीणों में बढ़ता आक्रोश
घटना के 14 दिन बीतने के बाद भी खुलासा न होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि आखिर ऐसी कौन सी वजह है कि पुलिस अब तक इस जघन्य हत्या का पर्दाफाश नहीं कर पाई। क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
एसीपी ने दिया आश्वासन
बारा की एसीपी निकिता श्रीवास्तव ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की पूरी टीम लगी हुई है। जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल, रिटायर्ड दरोगा की हत्या का राज पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है और पूरा क्षेत्र इस सनसनीखेज वारदात के खुलासे का इंतजार कर रहा है।


