Raebareli News: रायबरेली में दुस्साहस की हद: चोरी का विरोध करने पर घुसे बदमाशों ने महिला की हत्या

Raebareli News: रायबरेली के बस्तेपुर मोहल्ले में चोरी का विरोध करने पर बदमाशों ने महिला की बेरहमी से हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत, पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया।

Narendra Modi
Published on: 16 Jan 2026 2:27 PM IST
Raebareli News
X

Raebareli News(Photo-Social Media)

Raebareli News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शहर कोतवाली क्षेत्र के बस्तेपुर मोहल्ले में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। चोरी की नीयत से घर में घुसे बदमाशों ने विरोध करने पर महिला की निर्मम हत्या कर दी।

क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस्तेपुर निवासी अनमोल तिवारी के घर में सोमवार दोपहर तीन बदमाश चोरी की नीयत से घुस आए। उस समय घर में उनकी पत्नी स्वप्निल तिवारी अकेली मौजूद थीं। बदमाशों ने जैसे ही लूटपाट शुरू की, स्वप्निल तिवारी ने साहस दिखाते हुए उनका विरोध किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने महिला पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शी का बयान

स्थानीय निवासी हरिश्चंद्र शुक्ला ने बताया,

“तीन युवक आए थे। महिला ने घर की सिटकनी खोली थी। कुछ ही देर बाद पता चला कि महिला को चाकू मार दिया गया है। इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।”

हत्या के तरीके को लेकर विरोधाभास

घटना के बाद हत्या के तरीके को लेकर विरोधाभासी बयान सामने आए हैं।

परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला की हत्या चाकू से गोदकर की गई।

पुलिस के प्रारंभिक बयान के अनुसार महिला की गला दबाकर हत्या की गई है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने एक संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश में टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार,

“घटना की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।”

इलाके में दहशत का माहौल

घनी आबादी वाले इलाके में दिनदहाड़े हुई इस हत्या से स्थानीय लोगों में भारी डर और आक्रोश है। लोगों ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

Narendra Modi
ABOUT THE AUTHOR

Narendra Modi

/narendramodi

Next Story