TRENDING TAGS :
हाईवे पर हैवानियत! कोचिंग से लौट रही छात्रा को कार में खींच ले गए दरिंदे, आबरू लूटने की कोशिश
Rampur News: क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी शुक्रवार दोपहर अपनी सहेली के साथ सिविल लाइंस इलाके में कोचिंग पढ़ने आई थी।
Rampur News
Rampur News: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए हाईवे पर दौड़ती कार में एक छात्रा के साथ हैवानियत की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुक्रवार की शाम सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में हुई इस घटना ने छात्राओं की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी शुक्रवार दोपहर अपनी सहेली के साथ सिविल लाइंस इलाके में कोचिंग पढ़ने आई थी। देर शाम ट्यूशन खत्म होने के बाद दोनों सहेलियां ज्वालानगर पुल के पास घर जाने के लिए किसी वाहन का इंतज़ार कर रही थीं। इसी दौरान कार सवार तीन युवक वहां पहुंचे, जो पीड़िता की सहेली के परिचित थे। जान-पहचान का हवाला देते हुए सहेली तो कार में बैठ गई, लेकिन जब पीड़िता ने बैठने से इनकार किया, तो आरोपियों ने उसे जबरन खींचकर कार के भीतर डाल लिया।
आरोपियों ने छात्रा के साथ की अश्लील हरकतें
आरोपी कार को तेजी से बरेली हाईवे की ओर ले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चलती कार के भीतर ही आरोपियों ने छात्रा के साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए विरोध किया, तो आरोपियों ने कार को मगरमऊ पुल के नीचे सुनसान जगह पर रोक लिया। वहां उन्होंने छात्रा के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा और उसकी सहेली के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर जब आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े, तो आरोपी घबरा गए। पकड़े जाने के डर से तीनों आरोपी छात्रा को वहीं छोड़कर और जान से मारने की धमकी देते हुए कार सहित फरार हो गए।
पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी बात बताई, जिसके बाद शनिवार को सिविल लाइंस थाने में लिखित तहरीर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शादी की मडैया गांव निवासी तीन आरोपियों अयान, कासिम और नवेद के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और दावा किया गया है कि जल्द ही तीनों दरिंदे सलाखों के पीछे होंगे।


