Saharanpur News: पुलिस कस्टडी में बहन को भाइयों ने मारी गोली, मची सनसनी

Saharanpur News: सहारनपुर के फतेहपुर सीएचसी में मेडिकल के दौरान दो सगे भाइयों ने बहन को गोली मारी, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, आरोपी मौके से फरार।

Neena Jain
Published on: 23 March 2026 7:48 PM IST
Sister shot dead by brothers in police custody
X

पुलिस कस्टडी में बहन को भाइयों ने मारी गोली, मची सनसनी (Photo- Newstrack)

Saharanpur News: सहारनपुर जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस कस्टडी में मौजूद एक युवती को उसके ही सगे भाइयों ने गोली मार दी। यह घटना फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उस समय हुई, जब पुलिस टीम युवती का मेडिकल परीक्षण कराने के लिए पहुंची थी। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस महकमे में भी खलबली मच गई।

मेडिकल के दौरान दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय युवती 16 मार्च को एक 28 वर्षीय युवक के साथ घर से चली गई थी। इस मामले में परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया और महिला सब-इंस्पेक्टर उसे मेडिकल परीक्षण के लिए फतेहपुर सीएचसी लेकर पहुंची। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर पहुंचे युवती के दो सगे भाई—रवि और मोन्टी—ने अचानक उस पर गोली चला दी।

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे सहारनपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

आरोपी फरार, पुलिस ने गठित की टीमें

घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे भागने में सफल रहे। सहारनपुर के एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पारिवारिक विवाद बना वजह

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवती का किसी युवक के साथ घर से चले जाना ही इस घटना की मुख्य वजह हो सकता है। बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर भाइयों ने इस खौफनाक कदम को उठाया। युवती फतेहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रामखेड़ी की निवासी बताई जा रही है।

Neena Jain
ABOUT THE AUTHOR

Neena Jain

Next Story