TRENDING TAGS :
Saharanpur News: मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, टॉपर्स को मिले चेक, मेडल और प्रशस्ति पत्र
Saharanpur News: कलेक्ट्रेट परिसर में हाईस्कूल और इंटर के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया, उन्हें 20-20 हजार रुपये के चेक, मेडल और प्रशस्ति पत्र वहीं दिए गए।
मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, टॉपर्स को मिले चेक, मेडल और प्रशस्ति पत्र (Photo- Newstrack)
Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह के क्रम में आज सहारनपुर के जिला कलेक्ट्रेट परिसर में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के वर्चुअल संबोधन को सुना तथा जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को चेक, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
इस कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य सच्चिदानंद शर्मा ने बताया है कि, सहारनपुर जनपद में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के टॉप विद्यार्थियों सहित कुल 22 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सभी सम्मानित विद्यार्थियों को 20-20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक, मेडल तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेशभर में 1650 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया है, जबकि 300 से अधिक विद्यार्थियों को लखनऊ में आयोजित मुख्य समारोह में सम्मान मिला। उन्होंने कहा कि ये छात्र-छात्राएं भविष्य में प्रदेश और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
इस अवसर पर नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि, प्रदेश सरकार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने और उनका उत्साहवर्धन करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ये मेधावी छात्र-छात्राएं देश का भविष्य हैं और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। विधायक ने विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी बधाई दी, जिन्होंने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।महापौर अजय कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशभर के विभिन्न बोर्डों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर शिक्षा के क्षेत्र में नई प्रेरणा दी है।
उन्होंने कहा कि, गुरुओं और शिक्षकों का महत्व कभी कम नहीं हो सकता तथा सम्मानित होने वाले विद्यार्थी इसी गौरवशाली परंपरा के वाहक हैं। महापौर ने यह भी कहा कि इस वर्ष मेधावी छात्राओं की संख्या छात्रों की तुलना में अधिक रही है, जो समाज में बढ़ती महिला शिक्षा और सशक्तिकरण का सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सहायक सिद्ध होंगे।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। सभी ने सम्मानित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।


