TRENDING TAGS :
Saharanpur News: सहारनपुर में किराना दुकान पर सामान लेते समय प्राइवेट डॉक्टर की हार्ट अटैक से मौत
Saharanpur News: सहारनपुर के नकुड़ क्षेत्र में किराना दुकान पर सामान खरीदते वक्त प्राइवेट डॉक्टर को आया हार्ट अटैक, पूरी घटना दुकान के CCTV कैमरे में कैद।
सहारनपुर में किराना दुकान पर सामान लेते समय प्राइवेट डॉक्टर की हार्ट अटैक से मौत (Photo- Social Media)
Saharanpur News: सहारनपुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक किराना दुकान पर सामान खरीदते समय एक व्यक्ति की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है। मृतक की पहचान नकुड़ क्षेत्र के गांव भूरी बांस निवासी मनोज मित्तल के रूप में हुई है, जो पेशे से प्राइवेट डॉक्टर थे और शहर में प्रैक्टिस करते थे।
जानकारी के अनुसार, मनोज मित्तल गांव की एक किराना दुकान पर सामान लेने पहुंचे थे। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि वह काउंटर के पास खड़े होकर दुकानदार से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दुकानदार अन्य ग्राहकों को सामान दे रहा था।
अचानक मनोज मित्तल का संतुलन बिगड़ गया। वह लड़खड़ाते हुए पास खड़ी एक महिला की ओर गिर पड़े और जमीन पर गिरते ही अचेत हो गए। यह दृश्य देखकर दुकान में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाने और होश में लाने का प्रयास किया तथा परिजनों को सूचना दी।
परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उनकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, मनोज मित्तल की मौत हार्ट फेल होने के कारण हुई।
इस अचानक हुई मौत से परिवार गहरे सदमे में है। मौके पर पहुंचे परिजन भावुक हो गए, वहीं दुकान में मौजूद लोग और आसपास के क्षेत्र के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। यह घटना एक बार फिर कम उम्र में अचानक हार्ट अटैक और हार्ट फेल के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता बढ़ाती है।


