Saharanpur News: सहारनपुर में दलित छात्र की नृशंस हत्या, ऑनर किलिंग की आशंका

Saharanpur News: सहारनपुर के देवबंद क्षेत्र में 14 वर्षीय दलित छात्र की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। प्रेम प्रसंग को लेकर ऑनर किलिंग की आशंका है। शव रेलवे ट्रैक पर फेंककर आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई।

Neena Jain
Published on: 15 Jan 2026 2:54 PM IST
Saharanpur News
X

Saharanpur News(Photo-Social Media)

Saharanpur News: सहारनपुर जनपद के देवबंद क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। यहां कक्षा 9 में पढ़ने वाले 14 वर्षीय दलित छात्र मयंक की चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को बोरे में भरकर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया, ताकि यह मामला आत्महत्या या ट्रेन से कटकर हुई मौत जैसा प्रतीत हो। हालांकि, रेलवे लोको पायलट की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से यह खौफनाक साजिश बेनकाब हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवबंद कोतवाली क्षेत्र के गांव अलीपुर निवासी रूपचंद का पुत्र मयंक देवबंद के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 9 का छात्र था। सोमवार देर रात करीब 12:45 बजे मयंक के पास गांव के ही एक घर से फोन आया, जिसमें उसे तत्काल बुलाया गया। परिजनों को यह कॉल किसी परिचित की लगी, इसलिए उन्होंने कोई विशेष संदेह नहीं जताया। फोन आने के बाद मयंक घर से निकला, लेकिन फिर कभी वापस नहीं लौटा।

आरोप है कि फोन कर बुलाने के बाद मयंक को एक घर में ले जाया गया, जहां पहले से मौजूद लोगों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बेहद नृशंस तरीके से की गई इस हत्या के बाद आरोपियों ने शव को बोरे में बंद किया और पास के रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया, ताकि पुलिस इसे ट्रेन से कटकर हुई मौत या आत्महत्या मान ले।

इसी दौरान रेलवे ट्रैक से गुजर रही एक ट्रेन के लोको पायलट की नजर ट्रैक के पास पड़े संदिग्ध बोरे पर पड़ी। संदेह होने पर उसने तुरंत रेलवे अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरे को खुलवाया, तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। बोरे में मयंक का खून से लथपथ शव पड़ा था, जिस पर चाकू के कई गहरे घाव के निशान थे।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मयंक का गांव के ही एक परिवार की नाबालिग युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक ही समाज से ताल्लुक रखते थे, लेकिन युवती के परिजन इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे। गांव में चर्चा है कि इस प्रेम संबंध को परिवार की ‘इज्जत’ पर हमला मानते हुए युवती के परिजनों ने ऑनर किलिंग जैसी जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने मामले में एक पिता-पुत्र समेत कई संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। हालांकि, पुलिस अधिकारी फिलहाल जांच का हवाला देते हुए पूरे मामले पर खुलकर बोलने से बचते नजर आ रहे हैं। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

इस घटना को लेकर गांव और आसपास के इलाकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसी बात को लेकर आपत्ति थी, तो बातचीत और समझाइश का रास्ता अपनाया जा सकता था। कक्षा 9 में पढ़ने वाले एक नाबालिग छात्र की इस तरह बेरहमी से हत्या किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। लोगों का यह भी कहना है कि ऑनर किलिंग जैसी मानसिकता समाज के लिए बेहद घातक है और इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों और हमले की बर्बरता की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद देवबंद सहित पूरे सहारनपुर जिले में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है, और लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Neena Jain
ABOUT THE AUTHOR

Neena Jain

Next Story