TRENDING TAGS :
Saharanpur में गैस की अफवाह से एजेंसियों पर लगी लंबी कतारें
ईरान-इजरायल युद्ध की खबरों के बीच सहारनपुर में गैस कमी की अफवाह से एजेंसियों पर भारी भीड़ लगी, प्रशासन ने कहा जिले में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है।
Saharanpur News (Photo_ Social Media)
Saharanpur: ईरान-इजरायल युद्ध की खबरों के बीच सहारनपुर जिले में एलपीजी गैस की कमी को लेकर अफवाह फैलने से बुधवार को कई गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ लग गई। लोग सिलेंडर लेने के लिए लंबी लाइनों में खड़े नजर आए।
कई उपभोक्ताओं का कहना है कि करीब पांच साल बाद ऐसा हाल देखने को मिल रहा है, क्योंकि अब तक गैस ऑनलाइन बुकिंग से घर पर मिल जाती थी, लेकिन आज लोगों को एजेंसी पर लाइन में लगना पड़ रहा है।
इस मामले में जिला पूर्ति अधिकारी नीरज कुमार सिंह ने साफ किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा अफवाह फैलाई गई है, जिससे लोगों में घबराहट पैदा हो रही है। पूर्ति विभाग रोजाना गैस कंपनियों से आपूर्ति की जानकारी ले रहा है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
डीएसओ ने बताया कि फिलहाल घरेलू उपभोक्ताओं की जरूरत को देखते हुए होटल और रेस्टोरेंट को गैस आपूर्ति अस्थायी रूप से रोकी गई है, जबकि स्कूल, कॉलेज और अस्पतालों में आपूर्ति जारी रखी गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में डीजल-पेट्रोल की भी कोई किल्लत नहीं है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए जिले में सात टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार गैस गोदामों और एजेंसियों पर स्टॉक की जांच कर रही हैं। यदि कोई व्यक्ति गैस की जमाखोरी या कालाबाजारी करते पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर का भंडारण न करें, क्योंकि जिले में आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।


