TRENDING TAGS :
Saharanpur News : सहारनपुर: पुलिस मुठभेड़ में पॉक्सो आरोपी घायल, तमंचा बरामद
Saharanpur News : सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान पॉक्सो आरोपी घायल, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद, अस्पताल में भर्ती
Saharanpur Police Encounter
Saharanpur News : सहारनपुर में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना सरसावा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पॉक्सो एक्ट के एक वांछित आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज थाना सरसावा पुलिस रायपुर रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। तभी एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा और पास के आम के बाग में घुस गया। पुलिस द्वारा पीछा करने पर आरोपी ने खुद को बचाने के लिए फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दानिश पुत्र सुलेमान निवासी मिर्धान, थाना सरसावा के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, आरोपी नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में वांछित था और उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने पड़ोसी की नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ की थी और शिकायत करने पर परिवार को धमकाया भी था।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


