TRENDING TAGS :
Sambhal News: संभल में अवैध शराब के शक में भीड़ का हमला, महिला को बेरहमी से पीटा
Sambhal News: चंदौसी के चुन्नी मोहल्ले में सैकड़ों महिलाओं की भीड़ ने घर पर धावा बोलकर मां-बेटे को पीटा, कई घरों में तोड़फोड़, पुलिस जांच में जुटी।
संभल में अवैध शराब के शक में भीड़ का हमला, महिला को बेरहमी से पीटा (Photo- Newstrack)
Sambhal News: संभल: जनपद के चंदौसी थाना क्षेत्र के चुन्नी मोहल्ले में अवैध शराब बेचे जाने के शक में रविवार को जमकर बवाल हो गया। इलाके की सैकड़ों महिलाओं और स्थानीय लोगों की भीड़ ने एक घर पर धावा बोलते हुए वहां मौजूद महिला और उसके बेटे के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान भीड़ ने घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ भी की और ईंट-पत्थर बरसाए।
अवैध शराब के शक में भड़का गुस्सा
जानकारी के अनुसार, चुन्नी मोहल्ला दलित बाहुल्य क्षेत्र है, जहां काफी संख्या में लोग शराब के आदी बताए जा रहे हैं। मोहल्ले में शराब की लत के चलते आए दिन विवाद और घरेलू कलह की घटनाएं सामने आती रहती हैं। हाल ही में शराब के आदी एक युवक की बीमारी के चलते मौत हो गई थी, जिसके बाद महिलाओं में आक्रोश बढ़ गया।
महिलाओं को शक था कि मोहल्ले के कुछ घरों में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है, जिससे लोगों की लत बढ़ रही है। इसी शक के आधार पर महिलाओं ने भीड़ जुटाकर एक परिवार को निशाना बना लिया।
घर में घुसकर की मारपीट और तोड़फोड़
भीड़ ने संदिग्ध घर पर हमला बोलते हुए पहले ईंट-पत्थर फेंके और फिर अंदर घुसकर महिला और उसके बेटे को पीट दिया। अवैध शराब की तलाश में घर के सामान को तहस-नहस कर दिया गया। हालांकि तलाशी के दौरान वहां से कोई अवैध शराब बरामद नहीं हुई।
इतना ही नहीं, गुस्साई भीड़ ने मोहल्ले के अन्य कई घरों के ताले भी तोड़ डाले और वहां भी तलाशी ली।
पुलिस पहुंची, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला व उसके बेटे को थाने ले जाकर मेडिकल जांच के लिए भेजा। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है और कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि भीड़ थाने तक पहुंच गई और वहां भी नारेबाजी की, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
समस्या की जड़ में शराब की लत
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहल्ले में शराब की आसानी से उपलब्धता के कारण कई लोग इसके आदी हो चुके हैं। इससे न केवल परिवारों में कलह बढ़ रही है बल्कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी सामने आ रही हैं।
प्रशासन के लिए यह घटना एक चेतावनी मानी जा रही है कि अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता भी जरूरी है।


