TRENDING TAGS :
Sambhal News: धुरंधर- 2 पर अमित जानी का विवादित बयान, अतीक पर निशाना
Sambhal News: संभल में फिल्म निर्माता अमित जानी ने धुरंधर 2 को देश के दुश्मनों का पर्दाफाश बताया, अतीक अहमद पर गंभीर आरोप लगाए और समाज व फिल्म इंडस्ट्री पर भी सवाल उठाए।
धुरंधर- 2 पर अमित जानी का विवादित बयान, अतीक पर निशाना (Photo- Newstrack)
Sambhal News: संभल में फिल्म निर्माता अमित जानी ने अपनी आगामी फिल्म ‘धुरंधर 2’ को लेकर बड़ा और विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन के लिए नहीं बल्कि देश के अंदर छिपे ‘गद्दारों’ को बेनकाब करने का माध्यम है। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
अतीक अहमद पर लगाया गंभीर आरोप
अमित जानी ने सीधे तौर पर माफिया अतीक अहमद को निशाने पर लेते हुए उसे पाकिस्तान के लिए काम करने वाला एजेंट बताया। उन्होंने कहा कि अगर ऐसे लोगों को समय रहते राजनीतिक और सरकारी संरक्षण नहीं मिला होता, तो देश में कई बड़े आतंकी हमले टाले जा सकते थे। उनके इस बयान ने विवाद को और बढ़ा दिया है।
योगी सरकार की कार्रवाई का किया समर्थन
अमित जानी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्रवाई को सही ठहराया। उन्होंने कहा कि जो गलत था, उसे मिट्टी में मिलाया गया और यही होना भी चाहिए था। उनके मुताबिक, कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सख्त कदम जरूरी हैं।
जनप्रतिनिधियों पर भी उठाए सवाल
फिल्म निर्माता ने सांसदों और विधायकों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा चुना जाना किसी के देशभक्त होने का प्रमाण नहीं है। कई बार ऐसे लोग भी सत्ता में पहुंच जाते हैं जो देश के हित में काम नहीं करते। उन्होंने यह भी कहा कि संसद में देशभक्त भी होते हैं और गद्दार भी।
नोरा फतेही के गाने पर दिया विवादित बयान
नोरा फतेही के गाने को लेकर मचे विवाद पर अमित जानी ने दर्शकों को ही जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि “जो बिकता है वही बनता है।” अगर समाज ऐसे गानों को देखना और सुनना बंद कर दे, तो फिल्म इंडस्ट्री भी इन्हें बनाना बंद कर देगी।
समाज और फिल्म इंडस्ट्री दोनों जिम्मेदार
अमित जानी का कहना है कि फिल्म इंडस्ट्री पर अकेले दोष मढ़ना सही नहीं है। दर्शकों की पसंद ही तय करती है कि किस तरह का कंटेंट बनाया जाएगा। इसलिए जिम्मेदारी समाज और फिल्म निर्माताओं दोनों की है।


