Sambhal News: संभल में लहसुन के खेत में किसान की हत्या, जमीन विवाद में चचेरे भाइयों पर आरोप

Sambhal News: संभल के गुन्नौर क्षेत्र में लहसुन के खेत में किसान की हत्या। परिजनों ने चचेरे भाइयों पर जमीन विवाद को लेकर आरोप लगाया, पुलिस जांच जारी।

Satish Siingh
Published on: 15 April 2026 11:29 AM IST
Sambhal News
X

Sambhal News(Photo-Social Media)

Sambhal News: संभल जिले के गुन्नौर थाना क्षेत्र के भिरावटी गांव में लहसुन के खेत की रखवाली कर रहे एक किसान की हत्या कर दी गई। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं। परिजनों ने चचेरे भाइयों पर एक बीघा जमीन के विवाद को लेकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

यह घटना बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे सामने आई, जब परिजनों को खेत में किसान मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान 45 वर्षीय नरेश, पुत्र पनेश्वरी, के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। जानकारी के अनुसार, नरेश कई वर्षों से खेत पर ही रहते थे और वहीं खाना खाते थे। वह केवल चाय पीने और खाना लेने के लिए घर जाते थे। मंगलवार रात करीब 10 बजे उनकी पत्नी शीला देवी उन्हें खाना देकर घर लौट आई थीं।

बुधवार सुबह करीब 4 बजे, जब नरेश रोज की तरह चाय पीने घर नहीं पहुंचे, तो शीला देवी ने उन्हें फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद शीला देवी अपनी जेठानी के साथ खेत पर पहुंचीं, जहां उन्होंने नरेश को मृत अवस्था में पाया। शीला देवी ने बताया कि जब वह रात में खाना देकर लौट रही थीं, तो उनके चचेरे भाई रामकुंवर भूसा भरने के लिए आए थे और उन्हें रास्ते में मिले थे। उनके अनुसार, उनके पति का चचेरे भाई मंगू से एक बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।

उन्होंने आरोप लगाया कि मंगू ने जमीन के मामले में बेईमानी की थी, जिसके कारण दोनों के बीच रंजिश थी। यह विवाद जमीन के हिस्से को सड़क से जोड़ने को लेकर भी था। सुबह करीब 9 बजे फॉरेंसिक टीम और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। साक्ष्य एकत्र करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और सभी आरोपों की जांच की जा रही है।

Satish Siingh
ABOUT THE AUTHOR

Satish Siingh

Next Story