Sambhal News: संभल में होली पर हाई अलर्ट, 1215 होलिका दहन, ड्रोन निगरानी

Sambhal News: 64 जुलूसों और मेलों को लेकर कड़ी सुरक्षा, 1500 से अधिक लोग पाबंद, 27 क्यूआरटी तैनात, संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च और मस्जिदों को तिरपाल से ढका गया।

Satish Siingh
Published on: 2 March 2026 5:03 PM IST
High alert on Holi in Sambhal, 1215 Holika combustion, drone surveillance
X

संभल में होली पर हाई अलर्ट, 1215 होलिका दहन, ड्रोन निगरानी (Photo- Newstrack)

Sambhal News: संभल में होली को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। संभल सदर इलाके में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने खुद सड़कों पर उतरकर फ्लैग मार्च किया और संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि इस बार होली किसी भी सूरत में अव्यवस्थित नहीं होने दी जाएगी और शांति भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।



संभल जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि जनपद संभल में कुल 1215 होलिका दहन स्थल चिन्हित किए गए हैं और 64 स्थानों पर जुलूस व मेलों का आयोजन प्रस्तावित है। सभी स्थलों का मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों द्वारा भ्रमण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जिले में दो तरह से होलिका दहन की परंपरा है। एक होलिका दहन निर्धारित तिथि की रात को होता है और दूसरा धुलेंडी की सुबह भोर में प्रज्वलित किया जाता है।

दोनों अवसरों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।उन्होंने यह भी बताया कि 27 क्विक रिस्पॉन्स टीमों का गठन किया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। पूरे जिले में फ्लैग मार्च निकाला गया है जिससे आम जनता में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बना रहे।होली से पहले एहतियातन बड़ी संख्या में लोगों को पाबंद किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि पहले 650 लोगों को पाबंद किया गया था, लेकिन अब यह संख्या 1000 से अधिक हो चुकी है। जरूरत पड़ने पर पुराने पाबंद व्यक्तियों का भी सत्यापन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य पिछले वर्ष की तरह इस बार भी इंसिडेंट मुक्त और शांतिपूर्ण होली कराना है। उन्होंने बताया कि सभी जुलूस बॉक्स फॉर्मेशन में निकाले जाएंगे और आयोजकों को अपने साथ वालंटियर रखने के निर्देश दिए गए हैं। ड्रोन कैमरों के माध्यम से जुलूसों की निगरानी की जाएगी। इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर से भी लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 1215 होलिका दहन स्थलों पर बीट पुलिस अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। तीन कंपनी पीएसी, 200 रिक्रूट कांस्टेबल और जनपद की अतिरिक्त फोर्स तैनात रहेगी।

संवेदनशील स्थानों को ध्यान में रखते हुए करीब 10 से अधिक मस्जिदों को तिरपाल से ढका गया है ताकि रंग खेलने के दौरान कोई असहज स्थिति उत्पन्न न हो और किसी समुदाय की भावनाएं आहत न हों। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि यह कदम एहतियातन उठाया गया है ताकि सभी समुदाय शांतिपूर्वक त्योहार मना सकें।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाजार में रंग, गुलाल और पिचकारी बेच रहे लोगों से भी बातचीत की। प्रशासन का कहना है कि बाजारों में उत्साह का माहौल है और लोग अपने काम में लगे हैं।

प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि त्योहार खुशी और भाईचारे का प्रतीक है, लेकिन कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। संभल में इस बार होली रंगों के साथ-साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मनाई जाएगी।

बाइट - डॉ राजेंद्र पेंसिया,DM संभल

बाइट - कृष्ण कुमार विश्नोई, SP संभल

Satish Siingh
ABOUT THE AUTHOR

Satish Siingh

Next Story