Sant Kabir Nagar: संत कबीर नगर में सार्वजनिक स्थान नहीं होगी कुर्बानी, शांति से मनाएं त्योहार

Sant Kabir Nagar: बकरीद से पहले संत कबीर नगर प्रशासन सख्त हुआ। डीएम और एसपी ने शांति समिति बैठक में भाईचारे से त्योहार मनाने और नियम पालन की अपील की।

Amit Pandey
Published on: 22 May 2026 7:23 PM IST
No public place in Sant Kabir Nagar Kurbani, celebrate the festival in peace
X

संत कबीर नगर में सार्वजनिक स्थान नहीं होगी कुर्बानी, शांति से मनाएं त्योहार (Photo- Newstrack)

Sant Kabir Nagar News: संत कबीर नगर। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और पारंपरिक तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न धर्मों के प्रबुद्धजन, जनप्रतिनिधि और संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।

कुर्बानी केवल पूर्व निर्धारित स्थलों पर ही की जाए

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी आलोक कुमार ने सभी से आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बकरीद का आयोजन पूर्व वर्षों की तरह पूरी तरह पारंपरिक ढंग से किया जाए और किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कुर्बानी केवल पूर्व निर्धारित स्थलों पर ही की जाए तथा किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी या सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी।

उन्होंने संबंधित विभागों को भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने और जर्जर तारों की मरम्मत करने के लिए कहा गया, जबकि नगर निकायों और पंचायती राज विभाग को मस्जिदों एवं नमाज स्थलों के आसपास विशेष साफ-सफाई, चूने का छिड़काव और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


वहीं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुर्बानी के दौरान फोटो या वीडियो न बनाएं और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें। उन्होंने चेतावनी दी कि भ्रामक, आपत्तिजनक या माहौल बिगाड़ने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कुर्बानी के बाद बचे अवशेषों का निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने तथा कुर्बानी के बाद बचे अवशेषों का वैज्ञानिक एवं सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके लिए ब्लीचिंग पाउडर, नमक और चूने का उपयोग करते हुए गहरे गड्ढों में अवशेषों को दबाने की व्यवस्था करने को कहा गया।

बैठक के अंत में अधिकारियों ने सभी नागरिकों को बकरीद की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा प्रशासन को सूचित करने की अपील की। बैठक में अपर जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Amit Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Amit Pandey

Next Story