TRENDING TAGS :
Sant Kabir Nagar News: पानी मांगकर वृद्धा से चेन लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, कई गंभीर मामले दर्ज
Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पानी मांगने के बहाने वृद्ध महिला से चेन छीनने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर हत्या और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
Sant Kabir Nagar News(Photo-Social Media)
Sant Kabir Nagar News: जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत संतकबीरनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में एसओजी (SOG) और थाना मेंहदावल पुलिस की संयुक्त टीम ने वृद्ध महिला से चेन स्नैचिंग की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर और पेशेवर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद कामिल उर्फ अली और मोहम्मद अहमद उर्फ नाटे गोरखपुर जनपद के गोरखनाथ क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनके खिलाफ हत्या, गैंगस्टर एक्ट, चोरी और छिनैती जैसी गंभीर धाराओं में पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं।
यह वारदात 23 मई 2026 की शाम को मेंहदावल क्षेत्र के ग्राम अछिया में हुई थी। दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से आए और घर के बाहर बैठी एक वृद्ध महिला से पानी मांगने का बहाना किया। जैसे ही महिला का ध्यान भटका, वे उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दोनों को मेंहदावल-नौलखा मार्ग स्थित मुहिया पुल के पास से दबोच लिया।पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए छिनैती करते थे।
गोरखपुर शहर में सीसीटीवी कैमरों की कड़ाई के कारण उन्होंने ग्रामीण इलाकों को निशाना बनाना शुरू किया था। पहचान छिपाने के लिए वे कैप और चेहरे को ढककर रखते थे, और विरोध होने पर भागने के लिए अपने पास लाल मिर्च पाउडर रखते थे। उन्होंने छीनी गई चेन को 25 हजार रुपये में बेच दिया था।आरोपी मोहम्मद अहमद उर्फ नाटे ने एक और सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि वर्ष 2020 में चोरी के पैसों के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में उसने नशे की हालत में पत्थर और ब्लेड से वार कर अपने ही एक दोस्त की हत्या कर दी थी।
पुलिस ने इनके पास से 2 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा (जिसके लिए एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है), गोरखपुर से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल, 10 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए हैं। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली एसओजी और मेंहदावल पुलिस टीम की पुलिस अधीक्षक ने सराहना की है।


