TRENDING TAGS :
Sant Kabir Nagar News: डॉ. सोनी सिंह ने बच्चों को सिखाई दांत साफ करने की सही विधि, देखभाल और स्वच्छता का दिया संदेश
Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर के प्राथमिक विद्यालय में इंडियन डेंटल एसोसिएशन के शिविर में डॉ. सोनी सिंह ने बच्चों को दांतों की सही देखभाल और स्वच्छता का संदेश दिया।
संतकबीरनगर में बच्चों को डॉ. सोनी सिंह ने सिखाई दंत स्वच्छता (Photo- Newstrack)
Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर। इंडियन डेंटल एसोसिएशन संत कबीर नगर शाखा द्वारा खलीलाबाद क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मड़या में दंत एवं मुख रोग परीक्षण शिविर का आयोजन कर बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का सराहनीय संदेश दिया गया। शिविर में बच्चों के दांतों एवं मुख संबंधी रोगों की जांच कर उन्हें बेहतर मुख स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर कल्पित हॉस्पिटल की प्रबंध निदेशिका एवं संस्कार भारती की जिलाध्यक्ष डॉ. सोनी सिंह अपनी टीम के साथ मौजूद रहीं। उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए दांतों की साफ-सफाई के महत्व को सरल भाषा में समझाया।
गलत खानपान के कारण कम उम्र में ही बच्चों में दांतों की समस्याएं
डॉ. सोनी सिंह ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली और गलत खानपान के कारण कम उम्र में ही बच्चों में दांतों की समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में बच्चों को प्रारंभिक स्तर पर ही सही तरीके से दांतों की देखभाल करना सिखाना बेहद आवश्यक है।
बच्चों को भोजन के बाद कुल्ला करने की आदत डालें
शिविर के दौरान डॉ. सोनी सिंह ने बच्चों को सही तरीके से दांत साफ करने की विधि का प्रदर्शन कर बताया कि किस प्रकार नियमित रूप से सुबह और रात में ब्रश करने से दांतों को लंबे समय तक स्वस्थ रखा जा सकता है। उन्होंने बच्चों को मीठी चीजों के अधिक सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में भी जानकारी दी और भोजन के बाद कुल्ला करने की आदत डालने की सलाह दी।
डॉ. सोनी सिंह और उनकी टीम ने बच्चों के दांतों की बारीकी से जांच करते हुए आवश्यक परामर्श भी दिया। कई बच्चों में दांतों की शुरुआती समस्याएं पाए जाने पर उन्हें समय रहते उपचार कराने की सलाह दी गई। शिविर में मौजूद बच्चों ने भी उत्साह के साथ स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां प्राप्त कीं और डॉक्टरों से सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाएं शांत कीं।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों के बीच दांत साफ करने वाला ब्रश और मंजन वितरित किए गए। इस दौरान विद्यालय परिवार ने इंडियन डेंटल एसोसिएशन एवं डॉ. सोनी सिंह की इस पहल की जमकर सराहना की। विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार के शिविर बच्चों के स्वास्थ्य और जागरूकता के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होते हैं।


