Sant Kabir Nagar News: झपटमार गिरोह का भंडाफोड़, 3 बदमाश गिरफ्तार; 6 मोबाइल और बाइक बरामद

Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर पुलिस ने झपटमार गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल फोन, अवैध तमंचा और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है।

Amit Pandey
Published on: 3 Jun 2026 4:43 PM IST
Sant Kabir Nagar News
X

Sant Kabir Nagar News(Photo-Social Media)

Sant Kabir Nagar News: जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खलीलाबाद कोतवाली पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय झपटमार गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय के पर्यवेक्षण में की गई। प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दुबे और एसओजी प्रभारी रजनीश राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मेहदावल बाइपास रोड चौराहे के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अवधेश कुमार धुरिया पुत्र कृष्ण कुमार निर्भिक, सौरभ यादव पुत्र रामशब्द यादव निवासी कसैला तथा प्रभात यादव पुत्र राजेश यादव निवासी निखरतपार, थाना कोतवाली खलीलाबाद, जनपद संतकबीरनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से छह मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा (.315 बोर) तथा बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 3 जून 2026 को ग्राम गौसपुर निवासी महातम ने तहरीर देकर बताया था कि 30 मई 2026 की सुबह बरदहिया बाजार जाते समय विधियानी तिराहा ओवरब्रिज पर बिना नंबर प्लेट की बाइक से आए चार युवकों ने कट्टा दिखाकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया था। इस संबंध में कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर संगठित गिरोह चलाते थे। गिरोह के सदस्य बरदहिया, गोला, विधियानी, मगहर और कटबंध जैसे क्षेत्रों में राहगीरों व ऑटो चालकों को निशाना बनाकर कट्टा दिखाते और मोबाइल लूट लेते थे। बाद में छीने गए मोबाइल फोन कम कीमत पर बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे। पुलिस अब गिरोह के फरार चौथे सदस्य की तलाश में जुटी है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर उनके खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Amit Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Amit Pandey

Next Story