TRENDING TAGS :
Sant Kabir Nagar News: लेखपाल पर 50 हजार घूस लेकर अवैध कब्जा कराने का आरोप, जिलाधिकारी से शिकायत
Sant Kabir Nagar News: संत कबीर नगर में एक लेखपाल पर 50 हजार रुपये रिश्वत लेकर भूमि पर अवैध कब्जा कराने का आरोप लगा है। पीड़ित ने जिलाधिकारी से शिकायत कर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
Sant Kabir Nagar News(Photo-Social Media)
Sant Kabir Nagar News: उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जनपद के खलीलाबाद तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत बुधा कला से भ्रष्टाचार और दबंगई का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां तैनात हल्का लेखपाल राहुल श्रीवास्तव पर ₹50,000 की मोटी रकम लेकर सरकारी बंजर और आबादी की भूमि पर अवैध कब्जा कराने का गंभीर आरोप लगा है।
यहां बुधा कला ग्राम निवासी अमरेन्द्र कुमार शुक्ला पुत्र राम आसरे ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपते हुए बताया है कि, गाटा संख्या 282 (आबादी/बंजर भूमि) पर हल्का लेखपाल राहुल श्रीवास्तव ने अपनी जेब भरने के लिए नियम-कानूनों को ताक पर रख दिया है। आरोप है कि पैसे के बल पर लेखपाल गांव के ही मनबढ़ और दबंग व्यक्तियों- अकबर अली, अनवर अली पुत्रगण रोशन अली, शाहिद अली पुत्र हजरत अली व अन्य लोगों से उक्त भूमि पर धड़ल्ले से अवैध निर्माण कार्य करवा रहा है और पूरी ताकत लगाकर सरकारी जमीन पर कब्जा दिलाने में जुटा हुआ है।
इस बाबत पीड़ित अमरेन्द्र कुमार का कहना है कि जब उन्होंने इस तानाशाही और अवैध कब्जे का विरोध किया, तो लेखपाल और उक्त दबंग व्यक्ति आमादा फौजदारी हो गए और उन्हें खुलेआम जान से मारने की धमकी देने लगे। गांव में व्याप्त इस तनावपूर्ण माहौल के बीच पीड़ित ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाते हुए मांग की है कि, इस पूरे प्रकरण का तत्काल संज्ञान लिया जाए, चल रहे अवैध निर्माण को तुरंत रुकवाकर सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाए और भ्रष्ट हल्का लेखपाल व दबंगों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।


