Shamli News: धर्मांतरण मामला: आयुष मलिक प्रकरण में चांदनी गिरफ्तार, परिवारों के बीच मचा हड़कंप

Shamli News: शामली में धर्मांतरण मामले ने बड़ा खुलासा किया है आयुष मलिक प्रकरण में चांदनी कुरैशी और पिता गिरफ्तार पुलिस जांच जारी है और कई आरोपी फरार हैं मामले की जांच जारीहै।

Pankaj Prajapati
Published on: 7 Jun 2026 4:21 PM IST
Conversion case: Chandni arrested in Ayush Malik case
X

धर्मांतरण मामला: आयुष मलिक प्रकरण में चांदनी गिरफ्तार, परिवारों के बीच मचा हड़कंप (Photo- Newstrack)

Shamli News: उत्तर प्रदेश के जनपद शामली में धर्मांतरण से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है जिसमें करोड़ों की संपत्ति वाले एक जाट परिवार के युवक आयुष मलिक को लेकर कई आरोप लगाए जा रहे हैं। यह मामला शहर के हनुमान टिल्ला क्षेत्र के पास स्थित भारत मेडिकल स्टोर से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसके संचालक देवराज मलिक हैं। आरोप है कि देवराज मलिक के बेटे आयुष मलिक को लगभग पांच साल पहले शामली की रहने वाली चांदनी कुरैशी ने अपने प्रेम जाल में फंसाया और धीरे धीरे यह मामला कथित रूप से धर्म परिवर्तन तक पहुंच गया।

प्रेम संबंध से लेकर ब्लैकमेलिंग तक के आरोप

आरोपों के अनुसार चांदनी कुरैशी पहले फिजियोथेरेपी सेंटर में काम करती थी और बाद में आयुष मलिक के संपर्क में आई। बताया जा रहा है कि जब आयुष जिम जाने लगा तो चांदनी भी वहां पहुंचने लगी और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप यह भी है कि इसी दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने और उसकी वीडियो बना ली गई। इसके बाद पूरे मामले में परिवार की ओर से ब्लैकमेलिंग के आरोप लगाए गए हैं जिसमें कहा गया है कि चांदनी कुरैशी और उसका परिवार इस वीडियो के आधार पर दबाव बनाता रहा।


कथित धर्मांतरण और निकाह का दावा

आरोप है कि इसी दबाव के बीच आयुष मलिक को धीरे धीरे प्रभावित किया गया और उसे इस्लाम धर्म की ओर प्रेरित किया गया। यह भी दावा किया गया कि उसे कलमा पढ़वाया गया और बाद में दिल्ली की एक मस्जिद में चांदनी कुरैशी से उसका कथित निकाह कराया गया। इस पूरे मामले में यह भी कहा जा रहा है कि चांदनी का भाई भी आयुष की दुकान पर काम करता था और परिवार का उसके जीवन में लगातार प्रभाव रहा।


सोशल मीडिया पर मामला उठने के बाद जांच शुरू

यह मामला तब और चर्चा में आया जब योग साधना यशवीर आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर महाराज ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर इस पूरे प्रकरण को उठाया और कार्रवाई की मांग की। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू की और कई तथ्यों की पड़ताल की।

पुलिस जांच में सामने आए दावे

पुलिस जांच में सामने आया कि यह मामला केवल प्रेम प्रसंग नहीं बल्कि प्रॉपर्टी और प्रभाव से जुड़ा हो सकता है। एसपी शामली एनपी सिंह के अनुसार देवराज मलिक के पास करोड़ों की संपत्ति है और इस मामले में यह भी सामने आया कि चांदनी कुरैशी के परिवार की पृष्ठभूमि और कुछ रिश्तेदारों के पुराने आपराधिक मामलों से भी जुड़ाव बताया गया है। पुलिस ने यह भी कहा कि आयुष मलिक से बातचीत की गई लेकिन वह ज्यादा खुलकर बात नहीं कर रहा है और अब पूरी तरह बदल चुका है।



पिता देवराज मलिक का पक्ष

एसपी ऑफिस पहुंचे देवराज मलिक ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके परिवार ने कोई धर्म परिवर्तन नहीं किया है। उन्होंने कहा कि वे आज भी हिंदू रीति रिवाज से पूजा पाठ करते हैं और मंदिर जाते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व उनके बेटे को बहका रहे हैं और गलत दिशा में ले जा रहे हैं। देवराज मलिक ने कहा कि उनका बेटा पहले से दाढ़ी रखने का शौकीन था और वर्तमान स्थिति भ्रमित करने वाली है।

चांदनी कुरैशी और पिता गिरफ्तार

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में चांदनी कुरैशी और उसके पिता इस्लाम कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि कथित निकाह कराने वाले मौलवी और अन्य जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

एसपी का विस्तृत बयान और आगे की कार्रवाई

एसपी एनपी सिंह ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि चांदनी कुरैशी की मुलाकात आयुष मलिक से पहले फिजियोथेरेपी सेंटर में हुई थी और बाद में जिम के जरिए संपर्क बढ़ा। इसके बाद चांदनी का भाई भी आयुष की दुकान पर काम करता था जिससे परिवारिक संपर्क और मजबूत हुआ। पुलिस के अनुसार आयुष मलिक बी फार्मा शिक्षित है और अब उसका व्यवहार पूरी तरह बदल चुका है।

एसपी ने यह भी बताया कि पाकिस्तान के इस्लामिक लीडर डॉक्टर इसरार के वीडियो से प्रभावित होने की बात भी सामने आई है और इसी प्रभाव के चलते कथित बदलाव की बात कही जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि पूरे मामले में प्रॉपर्टी, प्रभाव और संबंधों की गहन जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

शामली का यह मामला फिलहाल पुलिस जांच के दायरे में है और इसमें कई गंभीर आरोप और दावे सामने आए हैं। एक तरफ परिवार धर्म परिवर्तन और साजिश का आरोप लगा रहा है तो दूसरी तरफ पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

Pankaj Prajapati
ABOUT THE AUTHOR

Pankaj Prajapati

Next Story