Shamli News : शामली में युवक की हत्या का खुलासा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली की पुष्टि

Shamli News : शामली में युवक की हत्या का खुलासा, पोस्टमार्टम में गोली लगने की पुष्टि, परिजनों ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे जाम कर किया हंगामा

Pankaj Prajapati
Published on: 2 May 2026 11:43 AM IST
Shamli News : शामली में युवक की हत्या का खुलासा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली की पुष्टि
X

Shamli Youth Murder Case

Shamli News : शामली के कांधला क्षेत्र से सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां गांव खंद्रावली निवासी 24 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआत में इस घटना को सड़क हादसा समझा जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने की पुष्टि होने के बाद मामला हत्या का निकला। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार सुबह दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया और हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। बाद में पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर जाम खुलवाया गया।

दरअसल, खंद्रावली गांव निवासी आशु पुत्र रविंद्र शामली के एक निजी अस्पताल में नौकरी करता था। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार देर शाम वह अपनी बाइक से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। जैसे ही वह दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर खंद्रावली चौकी के पास पहुंचा, तभी अज्ञात हमलावर ने उसे गोली मार दी। गोली लगने के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों और परिजनों ने पहले इसे सड़क दुर्घटना समझा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने की पुष्टि हुई, जिसके बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया।गुस्साए परिजन और ग्रामीण सुबह शव को लेकर खंद्रावली चौकी पहुंचे और दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जाम लगा दिया। इस दौरान उन्होंने जमकर नारेबाजी करते हुए हत्याकांड के जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला, क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार और थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाते हुए जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

Pankaj Prajapati
ABOUT THE AUTHOR

Pankaj Prajapati

Next Story