TRENDING TAGS :
Shamli News : सस्ती ईंट का झांसा देकर महिला से 40 हजार की ठगी, आरोपी फरार
Shamli News : थानाभवन में सस्ती ईंट दिलाने का झांसा देकर महिला से 40 हजार ठगे, आरोपी सीसीटीवी में कैद होकर फरार हुआ।
Shamli News
Shamli News : थानाभवन क्षेत्र में एक ग्रामीण महिला के साथ ईंट दिलाने के नाम पर 40 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी खुद को पड़ोसी महिला का रिश्तेदार बताकर महिला के घर पहुंचा और मार्केट से सस्ते दाम में ईंट दिलाने का लालच देकर रकम लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित महिला ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है। वहीं सोशल मीडिया पर आरोपी की फोटो और वीडियो भी वायरल हो रहे हैं।
शामली मे थानाभवन क्षेत्र के गांव हसनपुर लुहारी निवासी रंजना पत्नी महिपाल ने बताया कि एक युवक उनके घर आया और खुद को पड़ोस में रहने वाली महिला का रिश्तेदार बताया। युवक ने कहा कि वह हाईवे निर्माण कार्य में लगा हुआ है और उसके पास बड़ी संख्या में ईंट बची हुई हैं, जिन्हें वह मार्केट रेट से कम कीमत पर दे सकता है।
आरोपी ने महिला को 60 हजार रुपये में ईंट देने की बात कही। बाद में सौदा 40 हजार रुपये में तय हो गया। महिला ने बताया कि उसके पास उस समय केवल 25 हजार रुपये थे, जबकि बाकी रकम लेने के लिए वह गांव स्थित बैंक पहुंची।आरोप है कि बैंक से लौटते समय युवक बाइक लेकर महिला के पास पहुंच गया और उसे अपने साथ बैठा लिया। रास्ते में आरोपी ने महिला को भरोसे में लेते हुए कहा कि ईंट लेकर मजदूर आ रहे हैं, इसलिए किसी व्यक्ति को साथ भेज दें ताकि ईंट सही जगह उतरवाई जा सके।
महिला ने आरोपी की बातों में आकर अपने बेटे को उसके साथ भेज दिया। इसी दौरान आरोपी महिला से पहले ही 40 हजार रुपये ले चुका था। कुछ दूरी पर आरोपी महिला के बेटे को छोड़कर फरार हो गया। घंटों इंतजार के बाद जब आरोपी वापस नहीं लौटा तो ठगी का अहसास हुआ।पीड़िता के अनुसार, गांव में लगे एक मकान के सीसीटीवी कैमरे में आरोपी बाइक पर महिला को ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। घटना के बाद महिला और उसका परिवार बेहद परेशान है।
महिला का कहना है कि उन्होंने मेहनत मजदूरी कर मकान बनाने के लिए पैसे जोड़े थे, लेकिन आरोपी उनकी मेहनत की कमाई लेकर फरार हो गया।ग्रामीणों ने भी आरोपी की पहचान कराने के लिए सोशल मीडिया पर उसकी फोटो और वीडियो वायरल किए हैं। वहीं पुलिस ने मामले में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


