TRENDING TAGS :
Sitapur News: जब बिना किसी प्रोटोकाल के अचानक CHC पहुंचे डिप्टी CM बृजेश पाठक, गंदगी देख भड़के
Sitapur News: सीतापुर के सिधौली CHC का औचक निरीक्षण, डॉक्टर नदारद, रजिस्टर में गड़बड़ी और गंदगी देख डिप्टी सीएम बृजेश पाठक नाराज, सुधार के सख्त निर्देश।
जब बिना किसी प्रोटोकाल के अचानक CHC पहुंचे डिप्टी CM बृजेश पाठक, गंदगी देख भड़के (Photo- Newstrack)
Sitapur News: यूपी के सीतापुर में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक मंगलवार को अचानक सिधौली स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए।डिप्टी सीएम बिना किसी प्रोटोकॉल के ही स्वास्थ्य केंद्र परिसर पहुंचे और पर्चा बनने वाली लाइन में खड़े हो गए और स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में लोगों से जानकारी ली। डिप्टी सीएम ने सीएचसी अधीक्षक के कमरे में पहुंचकर उपस्थिति रजिस्टर को भी देखा। डिप्टी सीएम को अचानक देख अधीक्षक सहित पूरे स्टाफ में हड़कंप मच गया। 42 मिनट तक चले डिप्टी सीएम के निरीक्षण में कई खामियां मिली।कई डॉक्टर गैर हाजिर मिले तो कई डॉक्टर ने रजिस्टर पर कई दिनों से हस्ताक्षर भी नहीं किए डिप्टी सीएम ने नाराजगी जाहिर की।
वार्ड में बेड पर चादर फटी होने पर भी नाराजगी जाहिर की। खाने की गुणवत्ता जांचने के लिए डिप्टी सीएम काफी देर तक रसोई घर के बाहर ही खड़े रहे लेकिन चाभी नहीं आई। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने दवाओं का स्टॉक चेक किया और मरीजों से भी बातचीत की।स्वास्थ्य केंद्र में जनरेटर न चलने पर अधीक्षक डा. आनंद सिंह को जमकर फटकार लगाई। कुल मिलाकर डिप्टी सीएम को अपने निरीक्षण में स्वास्थ्य केंद्र सिधौली में खामियों के अलावा कुछ नहीं मिला इसे लेकर आशंका जाहिर की जा रही है कि कई लोगों पर गाज गिर सकती है।
बताते चले कि मंगलवार को दोपहर करीब 1.30 बजे सूबे के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक बिना किसी प्रोटोकॉल के सिधौली स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। डिप्टी सीएम मुंह पर मास्क लगाकर सबसे पहले पर्चा काउंटर पर पहुंचे और लाइन में खड़े हो गए।इस दौरान वह सरकार द्वारा दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में लोगों से जानकारी ली।इसके बाद वह अधीक्षक डा आनंद सिंह के कमरे में पहुंच गए।
डिप्टी सीएम को कमरे में अचानक देखकर अधीक्षक के पैरों तले जमीन खिसक गई।डिप्टी सीएम ने सबसे पहले उपस्थिति रजिस्टर को देखा जिसमें डॉक्टरो द्वारा तो एडवांस में हस्ताक्षर किए जाना पाया इतना ही नहीं डॉक्टर दीप्ति कटियार के लापता होने पर पूछताछ की जिस पर अधीक्षक डा आनंद सिंह ने बताया कि उनके द्वारा रात्रि में ड्यूटी की गई है जिसपर डिप्टी सीएम ने कहा कि कहा ड्यूटी लगाई है तो लिखा पढ़ी में लगाई होगी कोई हवा में तो लगाई नहीं होगी इस पर अधीक्षक डा आनंद सिंह कोई जवाब नहीं दे पाए और बगले झांकते रहे। डा डिप्टी कटियार सहित एक डॉक्टर ने पिछले तीन दिनों से रजिस्टर पर हस्ताक्षर भी नहीं किए थे इसपर भी उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए अधीक्षक को फटकार लगाई और एसडीएम सिधौली राखी वर्मा से पूरे मामले को देखने को कहा।
इसके बाद डिप्टी सीएम मरीजों को मिलने वाले खाने की गुणवत्ता को देखने के लिए रसोई घर पहुंचे जहां ताला लगा हुआ था अधीक्षक के चाबी मंगवाने के बावजूद रसोई घर की चाभी नहीं आई इस दौरान डिप्टी सीएम काफी देर तक वही खड़े रहे।निरीक्षण के दौरान वार्डो में फटी और गंदी चादर को देखकर नाराजगी जाहिर की। डिप्टी सीएम ने कहा कि निरीक्षण के दौरान जो खामियां मिली है उन्हें जल्द दुरुस्त किए जाने के निर्देश दिए गए।लॉन्ड्री का जो व्यक्ति है उसका पैसा काटने का भी निर्देश दिया गया हैं।स्वास्थ्य केंद्र में लगी लिफ्ट जल्द चालू की जायेगी।


