Sitapur News: पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, 50-50 हजार के इनामी दो बदमाश गिरफ्तार

Sitapur News: सीतापुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ के बाद 50-50 हजार रुपये के इनामी दो बदमाश गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने मौके से हथियार भी बरामद किए।

Sami Ahmed
Published on: 11 May 2026 12:47 PM IST
Sitapur News
X

Sitapur News(Photo-Social Media)

Sitapur News: सीतापुर में अटरिया पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो 50-50 हजार रुपये के इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से करीब 7 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, नगदी, अवैध तमंचे और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस इससे पहले इसी गैंग के पांच अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

चोरी और लूट की घटनाओं के खुलासे के लिए अभियान

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर जिले में चोरी और लूट की घटनाओं के खुलासे के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश सिंह और क्षेत्राधिकारी सिधौली विशाल गुप्ता के नेतृत्व में थाना अटरिया पुलिस और एसओजी टीम ने कार्रवाई की।

नहर कोठी के पास हुई घेराबंदी

पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि बदमाश इलाके में आने वाले हैं। इसके बाद पुलिस ने नहर कोठी के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मोहम्मद फरीद के बाएं पैर और बैजनाथ उर्फ धीरज के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

कई संगीन मामलों में वांछित हैं दोनों आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद फरीद पुत्र सिराज निवासी सरायबाड़ी थाना सिधौली और बैजनाथ उर्फ धीरज पुत्र छोटे सिंह निवासी नंदवन थाना संदना के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी गैंगस्टर, चोरी, नकबजनी और हत्या जैसे कई गंभीर मामलों में वांछित चल रहे थे। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।

7 लाख के जेवरात, तमंचे और चोरी की बाइक बरामद

पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल, दो तमंचे 315 बोर, चार खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा करीब 45 ग्राम पीली धातु के आभूषण और चोरी से संबंधित 27 हजार रुपये नगद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद जेवरात की कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है।

पूछताछ में कई बड़ी चोरियों का खुलासा

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गैंग अटरिया क्षेत्र में हुई कई बड़ी चोरी की घटनाओं में शामिल था। पुलिस के अनुसार, 10 मई को बेलहा मोड़ के पास से इसी गिरोह के पांच अन्य सदस्यों अंकुश शुक्ला, विपुल पाण्डेय, विनय राठौर, शनि और करन को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से फर्जी नंबर प्लेट लगी स्कॉर्पियो, अवैध तमंचा, नगदी और चोरी की चांदी की पायल बरामद हुई थी।

रनुवापारा और अटरिया कस्बे में की थी चोरी

गिरफ्तार बदमाशों ने पूछताछ में कबूल किया कि उन्होंने 22 और 23 अप्रैल की रात रनुवापारा निवासी पंकज शुक्ला के घर और अटरिया कस्बे में महादेव विश्वकर्मा की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अब इस गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

Sami Ahmed
ABOUT THE AUTHOR

Sami Ahmed

Next Story