Sitapur News: सीतापुर में गर्भवती प्रेमिका का हत्यारा मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

Sitapur News: सीतापुर में गर्भवती प्रेमिका की हत्या के आरोपी विशाल पाल को पुलिस ने घटना के खुलासे के दो घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

Sami Ahmed
Published on: 6 Jun 2026 5:35 PM IST
Killer of pregnant girlfriend injured in encounter in Sitapur
X

सीतापुर में गर्भवती प्रेमिका का हत्यारा मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार Newstrack

Sitapur News: यूपी के सीतापुर में जिले के संदना थाना क्षेत्र में गर्भवती प्रेमिका की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गर्भवती युवती की गला दबाकर हत्या करने वाले आरोपी विशाल पाल को घटना के खुलासे के महज दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार 6 जून 2026 को थाना संदना पुलिस आरोपी विशाल पाल को घटना से जुड़े साक्ष्यों की बरामदगी और पूछताछ के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान ग्राम रामपुर मढ़िया रोड स्थित लिप्टिस के बाग के पास आरोपी ने शौच जाने का बहाना बनाया और पुलिस को चकमा देकर भागने का प्रयास किया। आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा और गिरफ्तारी के उद्देश्य से नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें विशाल पाल के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने कबूला अपना जुर्म

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसका मानसी नामक युवती से प्रेम प्रसंग था। दोनों के बीच अवैध संबंधों के चलते युवती करीब तीन माह की गर्भवती हो गई थी। पुलिस के अनुसार, 25 मई 2026 को विशाल पाल मानसी को सिधौली से अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर लखनऊ के बक्शी का तालाब क्षेत्र में किसान पथ के अंदर एक सुनसान स्थान पर ले गया था। वहां दोनों के बीच शादी और साथ रहने को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने आवेश में आकर मानसी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद पहचान और साक्ष्य छिपाने के लिए उसने पास में पड़ा सीमेंट का पिलर युवती के गले पर रख दिया और शव को वहीं छोड़कर फरार हो गया। अगले दिन वह अपने घर लौट आया ताकि किसी को उस पर शक न हो।

पुलिस ने दी जानकारी

पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की विवेचना जारी है। घटना के खुलासे और आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Sami Ahmed
ABOUT THE AUTHOR

Sami Ahmed

Next Story