Sitapur News: पूर्व सांसद की हत्या की साजिश नाकाम, पुलिस मुठभेड़ में फरार आरोपी गिरफ्तार

Sitapur News : सीतापुर में पूर्व सांसद की हत्या की साजिश रचने का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार, अभिरक्षा से हुआ था फरार।

Sami Ahmed
Published on: 3 Jun 2026 8:30 AM IST
Sitapur News: पूर्व सांसद की हत्या की साजिश नाकाम, पुलिस मुठभेड़ में फरार आरोपी गिरफ्तार
X

Sitapur Police Encounter

Sitapur News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में मंगलवार देर रात पुलिस और एक वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। तम्बौर थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पूर्व सांसद की हत्या के इरादे से पहुंचा था।

अभियान के दौरान मिली सफलता

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर जनपद में गंभीर अपराधों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी लहरपुर अभिषेक कुमार के नेतृत्व में थाना तम्बौर पुलिस टीम को यह बड़ी सफलता मिली। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

पूर्व सांसद के घर पहुंचा था आरोपी

पुलिस के मुताबिक 2 जून 2026 की शाम करीब पांच बजे आरोपी शादाब पुत्र जाफर निवासी शेखन टोला, थाना तम्बौर, पूर्व सांसद राजेश वर्मा के मकान के सामने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि उसके पास तमंचा, कारतूस और चाकू मौजूद थे।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह पुरानी जमीनी रंजिश के चलते पूर्व सांसद राजेश वर्मा की हत्या की नीयत से वहां पहुंचा था। पुलिस ने उसे मौके पर पकड़ लिया था, लेकिन बाद में वह पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया।

पुलिस ने चलाया सघन अभियान

आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गईं और लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जाने लगी। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई और क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

इसी दौरान मंगलवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी ज्ञानेंद्र भट्टे के पास स्थित आम के बाग में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी।

घिरता देख पुलिस पर कर दी फायरिंग

पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने खुद को घिरता हुआ पाया। आरोप है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पुलिस पर जानलेवा हमला कर दिया और लगातार दो राउंड फायरिंग की।

अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस की एक गोली आरोपी के पैर में लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।

अस्पताल में भर्ती हुआ आरोपी

गोली लगने के बाद पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पहले किन-किन घटनाओं में शामिल रहा है।

पुलिस बड़ी सफलता मान रही कार्रवाई

पुलिस का मानना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ी वारदात टल गई। अधिकारियों के अनुसार यदि आरोपी अपने मंसूबों में सफल हो जाता तो गंभीर घटना हो सकती थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Sami Ahmed
ABOUT THE AUTHOR

Sami Ahmed

Next Story