TRENDING TAGS :
Sitapur News: सीतापुर में फर्जी बैनामा गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार कर भेजे गए जेल
Sitapur News: सीतापुर के महोली में फर्जी बैनामा कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। रजिस्ट्री कार्यालय में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन का बैनामा कराने की कोशिश कर रहे एक युवक और महिला को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
Sitapur News: सीतापुर के महोली में स्थानीय तहसील के रजिस्ट्री कार्यालय में फर्जी बैनामा करने आए गिरोह के एक युवक और एक महिला को कोतवाली पुलिस ने हिरासत में लिया था।इसके बाद पीड़ित की तहरीर पर 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। आपको बता दें कि लखनऊ के थाना वजीरगंज निवासी जगन्नाथ प्रसाद ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि तहसील क्षेत्र के सरसा केशवपुर में उनकी पत्नी सावित्री के नाम अलग-अलग गाटा संख्याओं में लगभग पांच एकड़ भूमि मौजूद है।
इसी भूमि को फर्जी दस्तावेजों के सहारे इमलिया सुल्तानपुर निवासी जगदेई पत्नी रामलोटन और उसके साथी कौशलेंद्र पुत्र अजयपाल निवासी मलिकापुर थाना इमलिया सुल्तानपुर के सहयोग से उनकी पत्नी सावित्री गुप्ता का फर्जी आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज बनवाकर मंगलवार को गोविंद प्रसाद, सुरेंद्र कुमार और थानेशर पुत्र तौंडीलाल निवासी गुड़ियन टोला थाना कोतवाली नगर सीतापुर के नाम बैनामा करने आए थे।
इस दौरान राजकुमार तिवारी पुत्र छोटेलाल निवासी तरीनपुर सीतापुर, सुशील पुत्र रमेंद्र प्रसाद निवासी मैनासी सरैंया, अब्दुल कलाम, हरद्वारीलाल सहित अन्य साथियों के साथ मिलकर तहसील में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैनामा करने की कोशिश की जा रही थी।इसी दौरान मामले की जानकारी मेरे परिचित पुत्तन लाल और गुरुवचन सिंह को मिली। वे मौके पर पहुंचे और रजिस्ट्रार उमेश श्रीवास्तव को फर्जी बैनामा होने की जानकारी दी। इसके बाद गिरोह की एक महिला और एक युवक को रजिस्ट्री कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों ने पकड़ लिया। अफरा-तफरी के दौरान गिरोह के अन्य सदस्य मौके से भाग निकले।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर कोतवाली लाई, जहां उनसे पूछताछ शुरू की गई। पीड़ित जगन्नाथ प्रसाद ने फर्जी तरीके से बैनामा कराने में शामिल 10 लोगों के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर दी थी, जिस पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर हिरासत में लिए गए एक युवक और एक महिला को बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया है। वहीं धोखाधड़ी में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।इंस्पेक्टर जंग बहादुर पांडे ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर 10 लोगों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। हिरासत में लिए गए दो लोगों को न्यायालय में पेश किया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


