Sitapur News : नेशनल हाईवे-30 पर भीषण हादसा: बाइक सवार भाई-बहन की मौत, पत्नी गंभीर घायल

Sitapur Road Accident News : सीतापुर में महोली कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।

Sami Ahmed
Published on: 2 Jun 2026 7:28 PM IST
Sitapur News : नेशनल हाईवे-30 पर भीषण हादसा: बाइक सवार भाई-बहन की मौत, पत्नी गंभीर घायल
X

Sitapur NH-30 Road Accident

Sitapur Accident News : यूपी के सीतापुर में महोली कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पिसावां थाना क्षेत्र के ग्राम टिपकापुर निवासी विपिन (22) पुत्र प्रेमपाल अपनी पत्नी नीलम और 14 वर्षीय बहन राखी के साथ बाइक से मंगलगंज स्थित बालाजी मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बाइक नेरी के पास सर्विस रोड से नेशनल हाईवे-30 पर पहुंची, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार विपिन और उसकी बहन राखी की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण उनकी घटनास्थल पर ही जान चली गई। वहीं विपिन की पत्नी नीलम गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही महोली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।इस हृदयविदारक हादसे से मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Sami Ahmed
ABOUT THE AUTHOR

Sami Ahmed

Next Story