TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: सोनभद्र में नए प्रभारी मंत्री की परीक्षा शुरू, विकास और जनसरोकारों पर टिकी नजरें
Sonbhadra News: सोनभद्र में नए प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा की नियुक्ति के बाद विकास कार्यों और जनसरोकारों को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं। खनन, सड़क, स्वास्थ्य और किसानों से जुड़े मुद्दों पर अब उनकी कार्यशैली की परीक्षा मानी जा रही है।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश में वर्ष 2026-27 को चुनावी दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे समय में योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद वाराणसी ग्रामीण क्षेत्र के लंबे समय तक भाजपा संगठन का नेतृत्व करने वाले हंसराज विश्वकर्मा को राज्य मंत्री बनाए जाने के साथ ही सोनभद्र जिले का प्रभारी मंत्री नियुक्त किया गया है। पूर्व प्रभारी मंत्री रविंद्र जायसवाल की जगह उन्हें जिले की कमान सौंपे जाने के राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर व्यापक मायने निकाले जा रहे हैं।
सोनभद्र प्रदेश का ऐसा जिला है जहां जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दे हमेशा चर्चा के केंद्र में रहे हैं। खनन, विस्थापन, वनाधिकार, सड़क, स्वास्थ्य और किसानों की समस्याएं वर्षों से जनचर्चा का विषय रही हैं। ऐसे में नए प्रभारी मंत्री के आगमन को लेकर जिले में उत्सुकता के साथ-साथ अपेक्षाओं का माहौल भी दिखाई दे रहा है।अब तक जिले में नियुक्त रहे प्रभारी मंत्रियों की भूमिका मुख्य रूप से समीक्षा बैठकों, सरकारी योजनाओं की प्रगति और प्रशासनिक समन्वय तक सीमित दिखाई दी है। जनहित से जुड़े विवादित या संवेदनशील मामलों में उनकी कोई प्रभावी हस्तक्षेपकारी भूमिका सामने नहीं आ सकी। ओबरा क्षेत्र में मुख्यमंत्री के दौरे वाले दिन हुए बड़े हादसे का मामला हो या विभिन्न विकास परियोजनाओं में बजट खर्च और कार्यों की गुणवत्ता को लेकर उठे सवाल, अधिकांश अवसरों पर प्रशासनिक कार्रवाई के बजाय उपलब्धियों की प्रस्तुति ही प्रमुखता में रही।
इससे पहले अर्चना पांडे और सतीश द्विवेदी भी सोनभद्र के प्रभारी मंत्री रहे, लेकिन जनसरोकारों के बड़े मुद्दों पर उनकी कोई विशिष्ट छाप नहीं बन सकी। यही कारण है कि नए प्रभारी मंत्री के सामने केवल सरकारी योजनाओं की समीक्षा ही नहीं, बल्कि जनता के भरोसे को मजबूत करने की चुनौती भी होगी।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि हंसराज विश्वकर्मा की पहचान एक जमीनी कार्यकर्ता और संगठनात्मक अनुभव वाले नेता की रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से उनका गहरा जुड़ाव रहा है। ऐसे में भाजपा संगठन और सरकार दोनों की अपेक्षा होगी कि वे पूर्वांचल के इस महत्वपूर्ण जिले में विकास और जनविश्वास के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करें।
जिले में कई ऐसे मुद्दे हैं जिन पर जनता की निगाहें टिकी हुई हैं। विधानसभा और लोकसभा चुनावों के दौरान स्थानीय स्तर पर खनन सामग्री को लेकर किए गए वादों की चर्चा आज भी होती है। बालू और गिट्टी की कीमतों में वृद्धि तथा उपलब्धता को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। आम नागरिकों और निर्माण कार्यों से जुड़े लोगों के बीच यह चर्चा बनी हुई है कि क्या नई जिम्मेदारी के साथ इन समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल दिखाई देगी।सड़क निर्माण और रखरखाव भी बड़ा मुद्दा है। करोड़ों रुपये की लागत से बनी कई सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल उठते रहे हैं। कोन-तेलगुड़वा मार्ग सहित कई प्रमुख संपर्क मार्गों पर निर्माण के कुछ समय बाद ही गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से दिखाई देने लगे। ग्रामीण क्षेत्रों में भी सड़क और पुलिया निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं।
कृषि क्षेत्र में धान खरीद व्यवस्था लंबे समय से विवादों में रही है। किसानों ने समय-समय पर खरीद केंद्रों की कार्यप्रणाली और बिचौलियों की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। अतीत में इस विषय को लेकर बड़े स्तर पर विवाद भी सामने आए। ऐसे में किसान समुदाय यह जानना चाहता है कि क्या नई प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्था इन समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई प्रभावी कदम उठा पाएगी।विकास के दावों के बीच स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी चुनौती बनी हुई है। मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य ढांचे के विस्तार के बावजूद कई क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों, संसाधनों और सुविधाओं की कमी की शिकायतें सामने आती रही हैं। वहीं नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी लोगों की अपेक्षाएं बरकरार हैं।
सोनभद्र में खनिज संपदा, ऊर्जा परियोजनाओं और औद्योगिक संभावनाओं के कारण प्रदेश और केंद्र सरकार दोनों की विशेष रुचि रही है। जिले के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं में बड़ी धनराशि खर्च की जा रही है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी द्वारा जिले को गोद लेने और विभिन्न विकास योजनाओं के दावों के बावजूद आम लोगों की अपेक्षा है कि विकास का लाभ जमीनी स्तर तक स्पष्ट रूप से दिखाई दे।ऐसे में नए प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा का पहला दौरा केवल औपचारिक प्रशासनिक कार्यक्रम भर नहीं माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों से लेकर आम नागरिकों तक की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या उनका कार्यकाल केवल बैठकों और समीक्षा तक सीमित रहेगा या फिर वे जनहित के उन मुद्दों पर भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे, जो लंबे समय से समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
फिलहाल इतना तय है कि चुनावी वर्ष की दहलीज पर खड़े सोनभद्र में नए प्रभारी मंत्री के सामने अवसर भी बड़ा है और चुनौती भी। आने वाले दिनों में उनके निर्णय और प्राथमिकताएं ही तय करेंगी कि यह बदलाव केवल प्रशासनिक फेरबदल साबित होता है या जिले के लिए किसी नई दिशा की शुरुआत।सोनभद्र में प्रभारी मंत्री बदल गए हैं, लेकिन जनता के सवाल वही हैं। जल-जंगल-जमीन, खनन, सड़क, स्वास्थ्य और किसान—इन मुद्दों पर यदि ठोस पहल दिखाई देती है तो यह बदलाव सार्थक माना जाएगा। अन्यथा यह नियुक्ति भी पूर्व की तरह केवल प्रशासनिक औपचारिकता बनकर रह जाएगी। चुनावी माहौल में सरकार और संगठन दोनों के लिए सोनभद्र एक महत्वपूर्ण राजनीतिक परीक्षा साबित हो सकता है।


