Sonbhadra News: सोनभद्र में पुलिस मुठभेड़, पंजाब का तस्कर गिरफ्तार, ₹58 लाख की नशे की खेप बरामद

Sonbhadra News: सोनभद्र में पुलिस मुठभेड़ के बाद पंजाब का तस्कर गिरफ्तार, अफीम-डोडा समेत ₹58 लाख की नशे की खेप बरामद।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 1 Jun 2026 4:52 PM IST
Sonbhadra News: सोनभद्र में पुलिस मुठभेड़, पंजाब का तस्कर गिरफ्तार, ₹58 लाख की नशे की खेप बरामद
X

Sonbhadra News

Sonbhadra News : जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। चोपन थाना पुलिस, रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने फिल्मी अंदाज में कई किलोमीटर तक पीछा कर एक अंतरराज्यीय तस्कर को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान करीब 58.75 लाख रुपये मूल्य की अफीम और डोडा, एक कार तथा अवैध असलहा बरामद किया गया। जबकि आरोपी का एक साथी अंधेरे और पहाड़ी क्षेत्र का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।


संदिग्ध कार देखते ही शुरू हुआ पीछा

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिले में अपराधियों और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में चोपन पुलिस, रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी टीम संयुक्त रूप से वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा शुरू कर दिया।भागते समय तस्करों ने कई बार पुलिस वाहनों को टक्कर मारकर पीछा छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम लगातार उनके पीछे लगी रही।

नोटों की गड्डियां फेंककर भी नहीं बच सके तस्कर

पुलिस के दबाव में आए तस्करों ने रास्ते में नोटों की गड्डियां फेंककर पुलिस का ध्यान भटकाने की कोशिश की। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने सतर्कता नहीं छोड़ी और ऑपरेशन जारी रखा। इसी दौरान सलखन क्षेत्र में एसओजी का वाहन खराब हो गया।

हालात की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार मोदनवाल ने अपनी निजी कार पुलिस टीम को उपलब्ध करा दी। इसके बाद पुलिस ने फिर से तेजी से पीछा शुरू किया और तस्करों की घेराबंदी कर दी।


घिरते ही पुलिस पर झोंक दी गोलियां

लगातार पीछा करते हुए पुलिस टीम रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के विरंजुआ इलाके तक पहुंच गई। खुद को चारों ओर से घिरा देख तस्करों ने पहले पुलिस वाहनों और स्थानीय नागरिक की कार में टक्कर मारी, फिर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान प्रिंस पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी ख्वाजके, थाना मेहरबान, जिला लुधियाना (पंजाब) के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे और पहाड़ी इलाके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पूछताछ में खुला अंतरराज्यीय तस्करी का नेटवर्क

घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पूछताछ में उसने बताया कि वह डाल्टनगंज से मादक पदार्थ खरीदकर पंजाब के लुधियाना ले जा रहा था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह लंबे समय से नशे की तस्करी के कारोबार से जुड़ा हुआ है और इसी से अपनी आजीविका चलाता है।पुलिस अब फरार आरोपी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

58.75 लाख की नशे की खेप, कार और तमंचा बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन किलोग्राम अफीम बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 225 किलोग्राम डोडा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 33.75 लाख रुपये आंकी गई है।

बरामदगी में एक होंडा सिटी कार, एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी शामिल है। जब्त वाहन की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।

साहसी नागरिक को मिला सम्मान

पूरे अभियान में महत्वपूर्ण सहयोग देने वाले स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार मोदनवाल को पुलिस अधीक्षक ने 10 हजार रुपये नकद पुरस्कार और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उनकी तत्परता और सहयोग से इस बड़े ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देने में मदद मिली।

इस कार्रवाई में चोपन थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता, एसओजी प्रभारी नागेश कुमार सिंह, थाना चोपन पुलिस, रॉबर्ट्सगंज पुलिस तथा एसओजी टीम के पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जिले में नशा तस्करों के खिलाफ हुई इस बड़ी कार्रवाई की चर्चा पूरे क्षेत्र में बनी हुई है।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

Next Story