Sonbhadra: गोल्डन ऑवर की जंग में उतरी सोनभद्र पुलिस: सड़क हादसे में मदद करने पर मिलेगा ₹25 हजार इनाम

Sonbhadra News: सोनभद्र पुलिस ने सड़क हादसों में गोल्डन ऑवर के दौरान मदद को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसके तहत दुर्घटना पीड़ित की मदद करने पर 25 हजार रुपये का इनाम और कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाएगी।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 6 Jun 2026 8:20 PM IST
Sonbhadra: गोल्डन ऑवर की जंग में उतरी सोनभद्र पुलिस: सड़क हादसे में मदद करने पर मिलेगा ₹25 हजार इनाम
X

Sonbhadra News: सड़क हादसों में हर साल जाने वाली अनगिनत जिंदगियों को बचाने की दिशा में सोनभद्र पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। दुर्घटनाओं के बाद के सबसे महत्वपूर्ण समय यानी "गोल्डन ऑवर" को लेकर जिलेभर में व्यापक जन-जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत दुर्घटना बाहुल्य स्थलों के साथ-साथ जिले के सभी 21 थानों पर विशेष जागरूकता साइन बोर्ड स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से लोगों को सड़क दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

गोल्डन ऑवर में बच सकती है जिंदगी

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना और आम नागरिकों को सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देना है।क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. चारू द्विवेदी ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा यानी "गोल्डन ऑवर" किसी भी घायल व्यक्ति के लिए जीवन और मृत्यु के बीच की सबसे अहम कड़ी होता है। यदि इस दौरान घायल को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल जाए तो उसकी जान बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।

पीएम राहत योजना से मिलेगा कैशलेस इलाज

उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित पीएम राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचते ही अधिकतम सात दिनों तक 1.50 लाख रुपये तक की कैशलेस और निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इस व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी घायल का इलाज प्रभावित न हो और उसे तत्काल उपचार मिल सके।

घायल की मदद कीजिए, ₹25 हजार पुरस्कार पाइए

इसके साथ ही राहवीर योजना को भी आमजन के बीच प्रमुखता से प्रचारित किया जा रहा है। इस योजना के तहत यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल को बिना किसी डर या कानूनी झंझट की आशंका के अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में मदद करता है तो उसे सरकार की ओर से 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।यह योजना समाज में मानवीय संवेदनाओं को बढ़ावा देने और दुर्घटना पीड़ितों को समय रहते सहायता दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लोगों को अब घायल की मदद करने से घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि उन्हें आगे बढ़कर मानवता का परिचय देना चाहिए।

दुर्घटना बाहुल्य स्थलों और 21 थानों पर लगे बोर्ड

सोनभद्र पुलिस द्वारा जिले के दुर्घटना संभावित स्थलों पर जागरूकता साइन बोर्ड लगाए गए हैं। साथ ही जिले के सभी 21 थानों को भी ऐसे बोर्ड उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर स्थापित किया जा रहा है।इन बोर्डों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों, गोल्डन ऑवर की महत्ता, पीएम राहत योजना और राहवीर योजना की जानकारी दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें और जरूरत पड़ने पर दूसरों की मदद के लिए आगे आएं।

पुलिस की अपील: आपकी पहल बचा सकती है किसी की जान

सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करें, वाहन चलाते समय पूरी सावधानी बरतें और किसी भी सड़क दुर्घटना के दौरान घायल व्यक्ति की मदद करने से पीछे न हटें।पुलिस का कहना है कि कई बार कुछ मिनटों की तत्परता, एक वाहन और मदद का एक छोटा-सा प्रयास किसी परिवार को उजड़ने से बचा सकता है। इसलिए सड़क पर हादसा दिखे तो तमाशबीन बनने के बजाय मददगार बनें, क्योंकि आपकी एक छोटी-सी पहल किसी की अमूल्य जिंदगी बचा सकती है।

Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

Next Story