Sultanpur News: लोहरामऊ से लौट रहे तीन दोस्तों को स्कॉर्पियो ने कुचला, दो की मौत

Sultanpur News: सुलतानपुर में लोहरामऊ मंदिर से लौट रहे तीन दोस्त तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आ गए। हादसे में दो युवकों की मौत हुई, एक गंभीर रूप से घायल है।

Taaquweem Fatma
Published on: 31 May 2026 10:26 PM IST (Updated on: 1 Jun 2026 4:29 PM IST)
Scorpio crushes three friends returning from Lohramau
X

लोहरामऊ से लौट रहे तीन दोस्तों को स्कॉर्पियो ने कुचला, दो की मौत Photo- Newstrack

Sultanpur News: सुलतानपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। लोहरामऊ मंदिर क्षेत्र से लौट रहे तीन दोस्त तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आ गए। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राममूरत पुत्र छोटई निवासी ग्राम आरडीह, धर्मराज निवासी ग्राम आरडीह तथा विजय बहादुर पुत्र श्रीराम दास निवासी ग्राम लौहर, थाना धम्मौर एक ही बाइक पर सवार होकर लोहरामऊ मंदिर क्षेत्र से वापस अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि तीनों एक रिश्ते के सिलसिले में लड़की देखने गए थे और लौटते समय यह हादसा हो गया।

बाइक के परखच्चे उड़ गए

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देहात कोतवाली क्षेत्र में सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने राममूरत और धर्मराज को मृत घोषित कर दिया। वहीं विजय बहादुर (28 वर्ष) की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

इस हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतक राममूरत अपने पीछे एक पुत्र छोड़ गए हैं, जबकि धर्मराज के परिवार में तीन बेटे नीरज, धीरज और अन्नू हैं। जैसे ही हादसे और मौत की सूचना गांव पहुंची, परिवारों में चीख-पुकार मच गई। गांव में भी शोक का माहौल है और लोगों का तांता मृतकों के घरों पर लगा हुआ है।

चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया

घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात धर्मवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, वाहन के आधार पर चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों के कारण सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं,बाइक सवारों ने हेलमेट नही पहन रखा था।

Taaquweem Fatma
ABOUT THE AUTHOR

Taaquweem Fatma

सुल्तानपुर संवाददाता

Next Story