TRENDING TAGS :
Sultanpur News: सुल्तानपुर में कलयुगी पिता की हैवानियत, ढाई साल की बेटी को नाले में डुबोने की कोशिश
Sultanpur News: सुल्तानपुर में एक पिता पर अपनी ढाई साल की बेटी को नाले में डुबोकर मारने की कोशिश का आरोप है। समय रहते बच्ची को बचा लिया गया, जबकि आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
Sultanpur News(Photo-Social Media)
Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी ही ढाई साल की मासूम बेटी के साथ ऐसी बर्बरता की, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। आरोपी पिता बच्ची को बेरहमी से पीटता रहा और फिर उसे गंदे नाले के पानी में डुबोकर जान से मारने की कोशिश करता दिखाई दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
वीडियो में कैद हुई पूरी घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के निराला नगर मोहल्ले का बताया जा रहा है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ है। जिसमें मोनू उर्फ योगेन्द्र सिंह नाम का व्यक्ति अपनी करीब ढाई से तीन वर्ष की मासूम बेटी के साथ अमानवीय व्यवहार करता दिखाई दे रहा है।
वीडियो में आरोपी बच्ची को लात-घूंसों से पीटता नजर आ रहा है। मासूम दर्द और भय से तड़पती रही, लेकिन आरोपी पिता का दिल नहीं पसीजा। वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि उसने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए बच्ची को सड़क किनारे बह रहे गंदे नाले के पानी में कई बार डुबोने की कोशिश की। इस दौरान मासूम अपनी जान बचाने के लिए छटपटाती रही।
स्थानीय लोगों ने बचाई मासूम की जान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बच्ची को बचाने का प्रयास किया। लोगों के हस्तक्षेप के कारण बच्ची को गंभीर नुकसान होने से बचा लिया गया। बताया जा रहा है कि, जब लोगों ने आरोपी की हरकतों का विरोध किया तो वह और अधिक आक्रामक हो गया। उसने एक मकान का दरवाजा जोर-जोर से हिलाकर तोड़ने का प्रयास भी किया। उसकी इन हरकतों से पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल बन गया।
वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस
वहीं यह घटना 30 मई की दोपहर करीब 2 बजकर 30 मिनट की बताई जा रही है। किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों पर साझा कर दिया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। कोतवाली नगर के निराला नगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए तत्काल जांच शुरू कराई। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान मोनू उर्फ योगेन्द्र सिंह पुत्र ओमकार सिंह निवासी निराला नगर, थाना कोतवाली नगर, सुलतानपुर के रूप में हुई।
गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
वहीं पुलिस ने वायरल वीडियो को महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए आरोपी के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। जांच में यह भी पुष्टि हुई कि वीडियो में दिखाई दे रही बच्ची आरोपी की अपनी पुत्री है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया। रविवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा
वहीं इस बाबत जानकारी देते हुए पुलिस उपाधीक्षक सौरभ सामंत ने बताया कि, वायरल वीडियो के आधार पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि बच्ची की सुरक्षा और उसके हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है और दोषी के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।


