Sultanpur News: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर ओमप्रकाश राजभर की नसीहत, सरकार से टकराव न करें

Sultanpur News:कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा— प्रदेश में कानून का राज, बिना अनुमति कार्यक्रम से बिगड़ सकती है व्यवस्था, गंगा स्नान कर घर लौटें।

Taaquweem Fatma
Published on: 24 Jan 2026 6:31 PM IST
Omprakash Rajbhars advice on Shankaracharya Avimukteshwaranand, dont clash with the government
X

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर ओमप्रकाश राजभर की नसीहत, सरकार से टकराव न करें (Photo- Newstrack)

Sultanpur News: सुल्तानपुर।उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को लेकर कड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में कानून का राज है और कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश न करे।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि एक तरफ जनता वीआईपी कल्चर खत्म करने की मांग कर रही है, वहीं दूसरी तरफ शंकराचार्य वीआईपी प्रोटोकॉल की मांग कर रहे हैं। जबकि मौजूदा सरकार हर तरह के वीआईपी कल्चर के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति कार्यक्रम करने से कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है और किसी घटना की जिम्मेदारी सरकार पर आ जाती है।

ओमप्रकाश राजभर ने कहा, “अगर कोई कार्यक्रम करना है तो पहले अनुमति लीजिए। सुरक्षा व्यवस्था सरकार की जिम्मेदारी होती है। बाद में यह कहना कि सरकार सुरक्षा नहीं दे पा रही है, उचित नहीं है।”

योगी आदित्यनाथ के कालनेमि भवन पर दिए गए बयान का जिक्र करते हुए मंत्री राजभर ने धार्मिक उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे लक्ष्मण का जीवन बचाने के लिए हनुमान जी संजीवनी लेने गए थे, उसी तरह श्रद्धालु आस्था के साथ प्रयागराज में स्नान करने आ रहे हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की बाधा उचित नहीं है। उन्होंने शंकराचार्य को नसीहत देते हुए कहा कि गंगा स्नान करिए, अपने घर जाइए और मंदिर में पूजा-पाठ करिए, सरकार से टकराव का कोई लाभ नहीं है।

शंकराचार्य द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तुलना औरंगजेब से किए जाने वाले बयान पर मंत्री ने कहा कि हर व्यक्ति का अपना-अपना विचार हो सकता है। उन्होंने प्रदेश सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि यूपी पुलिस पूरी मुस्तैदी से अपना काम कर रही है और जो भी कानून तोड़ेगा, वह जेल जाएगा।

पंचायत चुनाव को लेकर उन्होंने बताया कि 6 फरवरी तक एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) का कार्य चलेगा। गांव-गांव में भोज, बैठकें और पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। मतपत्रों की छपाई का काम भी आरंभ हो गया है।

Taaquweem Fatma
ABOUT THE AUTHOR

Taaquweem Fatma

सुल्तानपुर संवाददाता

Next Story