TRENDING TAGS :
Sultanpur News: पटीदारों के विवाद में ताबड़तोड़ गोलीबारी, युवक की मौत, दो घायल
Sultanpur News: जनऊपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर पटीदारों के बीच विवाद हिंसक हो गया। फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पटीदारों के विवाद में ताबड़तोड़ गोलीबारी, युवक की मौत, दो घायल (Photo- Newstrack)
Sultanpur News: सुल्तानपुर। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के जनऊपुर गांव में गुरुवार शाम पटीदारों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान हुई गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और पीआरवी टीम मौके पर पहुंच गई और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और पूरे मामले की जानकारी ली। एसपी के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांव के ही दो पटीदार, होमगार्ड वीरेंद्र प्रताप सोनकर और रमेश सोनकर के परिवारों के बीच यह विवाद हुआ।
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह वीरेंद्र प्रताप सोनकर के छोटे बेटे का रमेश सोनकर के परिवार के सदस्यों से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। उस समय दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया था और पुलिस को घटना की जानकारी नहीं दी गई थी।
मृतक की फाइल फोटो
शाम के समय रमेश सोनकर के परिवार की महिलाएं और उनका बेटा भोलू सोनकर वीरेंद्र प्रताप के घर पहुंच गए। इसी दौरान दोनों पक्षों में फिर से कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान भोलू सोनकर ने तमंचे से करीब पांच राउंड फायरिंग कर दी।
फायरिंग के दौरान वीरेंद्र प्रताप के बेटे मोहित सोनकर के सीने में दो गोलियां लग गईं। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं मोहित के भाई मंगल सोनकर को भी एक गोली लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने जांच के लिए उसे सीटी स्कैन के लिए रेफर किया है। घटना में होमगार्ड वीरेंद्र प्रताप सोनकर को भी मामूली चोटें आई हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने बताया की पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है आरोपियों की गिरफ्तरी के लिए टीमो का गठन कर दिया गया है,और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


