TRENDING TAGS :
Unnao News: साक्षी महाराज का एआई भ्रामक पोस्ट पर चेतावनी, लोधी युवाओं से जिम्मेदारी की अपील
Unnao News: साक्षी महाराज ने लोधी युवाओं से अपील की: एआई तकनीक से भ्रामक पोस्ट न फैलाएं, केवल तथ्यपूर्ण जानकारी साझा करें।
Unnao News: सांसद साक्षी महाराज ने सोशल मीडिया पर एआई तकनीक के दुरुपयोग से फैल रही भ्रामक खबरों पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने विशेष रूप से लोधी समाज के युवाओं से अपील की है कि वे बिना तथ्यों की जांच किए किसी भी सामग्री को साझा न करें। साक्षी महाराज ने कहा कि आजकल कुछ लोग भाषणों के अंशों को काट-छांटकर, वीडियो एडिटिंग के माध्यम से या एआई तकनीक का सहारा लेकर भ्रामक पोस्ट, फोटो और संदेश तैयार कर रहे हैं। इससे किसी भी वक्तव्य का वास्तविक आशय बदल जाता है, जिससे समाज में भ्रम, विरोधाभास और वैमनस्य की स्थिति उत्पन्न होती है।
उन्होंने यह भी कहा कि एआई द्वारा तैयार की गई फर्जी तस्वीरों और वीडियो के जरिए निराधार बातें फैलाना अत्यंत निंदनीय और गैर-जिम्मेदाराना कृत्य है। ऐसे कार्य न केवल समाज को गुमराह करते हैं, बल्कि सामाजिक एकता और विश्वास को भी कमजोर करते हैं। सांसद ने सर्व समाज से भी अपील की कि किसी भी पोस्ट, फोटो, वीडियो या संदेश को आगे बढ़ाने से पहले उसके तथ्यों की पूरी जांच अवश्य कर लें। उन्होंने युवाओं को समझाते हुए कहा कि केवल लाइक और कमेंट के आकर्षण में आकर गलत सामग्री साझा करना समाज के हित में नहीं है।
अंत में साक्षी महाराज ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति सत्य, संयम, जिम्मेदारी और सकारात्मक विचारों में निहित है। इसलिए सभी को चाहिए कि वे केवल तथ्यपूर्ण और समाजहितकारी जानकारी ही आगे बढ़ाएं, ताकि एक स्वस्थ और जागरूक समाज का निर्माण हो सके।


