TRENDING TAGS :
Unnao Bus Accident: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर पलटी स्लीपर बस, 6 की मौत, 30 से अधिक थे सवार
Unnao Bus Accident: उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हुआ, जहां दिल्ली से बिहार जा रही निजी स्लीपर बस पलट गई। हादसे में 6 यात्रियों की मौत हो गई जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शुरुआती जांच में ड्राइवर को नींद आने की बात सामने आई है।
Unnao Bus Accident: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से गुजरने वाले लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सोमवार और मंगलवार की रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां देर रात यात्रियों से खचाखच भरी एक निजी स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। यह हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही 6 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं इस घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दिल्ली से बिहार जा रही थी डबल डेकर बस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उन्नाव के औरास थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि डबल डेकर निजी स्लीपर बस दिल्ली से यात्रियों को लेकर बिहार जा रही थी। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। देर रात सभी यात्री अपने सफर में थे तभी अचानक यह बड़ा हादसा हो गया।
शुरुआती जांच और चश्मदीदों के मुताबिक, देर रात बस चालक को झपकी आ गई। इसी दौरान चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क पर पलट गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके की तरफ दौड़ पड़े।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
वहीं ये बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए। इस हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही औरास थाना पुलिस और यूपिडा की रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बस की खिड़कियां तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है, जहां कई लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
वहीं घटना के बाद पुलिस ने हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतकों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह चालक को आई नींद मानी जा रही है।


