UP News: एक्शन मोड में योगी सरकार! यूपी में 30 BSA, 28 DIOS और 5 CMO समेत दर्जनों अफसरों के तबादले

UP News: विभिन्न विभागों में प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए व्यापक फेरबदल किए गए हैं। शनिवार से रविवार के बीच कई विभागों में लगातार तबादले किए गए, जिनमें 28 जिला विद्यालय निरीक्षकों को भी स्थानांतरित किया गया है।

Shivam Shrivastava
Published on: 31 May 2026 6:19 PM IST
CM Yogi Adityanath
X

CM Yogi Adityanath

Yogi Government in Action: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार इन दिनों पूरी तरह से एक्शन में नजर आ रही है। प्रशासनिक ढांचे को और ज्यादा चुस्त-दुरुस्त करने के मकसद से सूबे में तबादलों का दौर लगातार जारी है। इसी कड़ी में शनिवार और रविवार को कई विभागों में बड़े पैमाने पर अधिकारियों को इधर से उधर किया गया। अगर सिर्फ शनिवार की बात करें तो 30 बीएसए, आबकारी विभाग के 6 उपायुक्तों और कई विश्वविद्यालयों के असिस्टेंट व डिप्टी रजिस्ट्रार के तबादले हुए। इसके साथ ही 5 जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), प्रदेश की जेलों में तैनात सात फार्मासिस्ट और पीडब्ल्यूडी के कई जूनियर इंजीनियरों के कार्यक्षेत्र भी बदल दिए गए हैं।

शिक्षा महकमे में भी यह फेरबदल बड़े स्तर पर देखने को मिला है। शासन ने संयुक्त, अपर और उप शिक्षा निदेशकों के साथ-साथ 28 जिला विद्यालय निरीक्षकों (डीआईओएस) की नई तैनाती की है। शिक्षा विभाग में हुए इन अहम बदलावों के तहत शिवलाल को मुरादाबाद, मनोज कुमार द्विवेदी-प्रथम को कानपुर नगर, राजेश कुमार आर्य को आजमगढ़ और राकेश कुमार को आगरा का प्रभारी मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं, कामता राम पाल को प्रयागराज स्थित शिक्षा निदेशालय में अपर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि इस पद पर पहले से मौजूद मनोज कुमार द्विवेदी को बेसिक शिक्षा विभाग के निर्वतन पर भेज दिया गया है।

प्रशासन ने कई अधिकारियों को सीधे प्रयागराज स्थित शिक्षा निदेशालय (माध्यमिक) से संबद्ध कर दिया है। इनमें बलिया के डीआईओएस देवेंद्र कुमार गुप्ता, बरेली क्षेत्रीय कार्यालय के अपर सचिव मुन्ने अली, गौतमबुद्धनगर के डीआईओएस राजेश कुमार सिंह, जौनपुर के डीआईओएस राकेश कुमार, आजमगढ़ के प्रभारी संयुक्त शिक्षा निदेशक नवल किशोर, मिर्जापुर के डीआईओएस माया राम, मेरठ के डीआईओएस राजेश कुमार के साथ ही प्रभारी डीआईओएस राजेश कुमार और धीरेंद्र कुमार का नाम शामिल है।

शासन द्वारा जारी आदेशों में कुछ अन्य प्रमुख नियुक्तियां भी की गई हैं। रेखा दिवाकर को माध्यमिक शिक्षा परिषद बरेली के क्षेत्रीय कार्यालय का अपर सचिव बनाया गया है। प्रताप नारायण सिंह को लखनऊ का प्रभारी मंडलीय उप शिक्षा निदेशक नियुक्त किया गया है, जबकि धमेन्द्र शर्मा को बेसिक शिक्षा विभाग में नई तैनाती मिली है। भाष्कर मिश्रा अब वाराणसी क्षेत्रीय कार्यालय के अपर सचिव होंगे। राकेश कुमार पांडेय को अयोध्या का मंडलीय उप शिक्षा निदेशक और देवीपाटन मंडल का प्रभारी संयुक्त शिक्षा निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसी तरह राजेश कुमार वर्मा झांसी और चित्रकूट के मंडलीय उप शिक्षा निदेशक का कार्यभार संभालेंगे। जिलों में हुए अहम बदलावों की बात करें तो बागपत के डीआईओएस रहे राघवेंद्र सिंह को अब मथुरा की कमान सौंपी गई है और मुरादाबाद के डीआईओएस रहे देवेंद्र कुमार पांडेय को राजधानी लखनऊ के नए जिला विद्यालय निरीक्षक की अहम जिम्मेदारी दी गई है।

Shivam Shrivastava
ABOUT THE AUTHOR

Shivam Shrivastava

शिवम उत्तर प्रदेश के एक युवा और उभरते पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 4 वर्षों का अनुभव प्राप्त है। वे राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और हाइपरलोकल खबरों की गहरी समझ रखते हैं और समसामयिक मुद्दों पर सटीक व प्रभावशाली रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। उनकी विशेष रुचि डाटा-ड्रिवन पत्रकारिता और विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग में है, जिससे उनकी खबरें अधिक तथ्यात्मक और विश्वसनीय बनती हैं। वे जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग के साथ-साथ डिजिटल मीडिया के बदलते स्वरूप को भी समझते हैं। लेखन और रिसर्च में उनकी मजबूत पकड़ उन्हें एक सक्षम और जिम्मेदार पत्रकार के रूप में स्थापित करती है।

Next Story