TRENDING TAGS :
"हिजाब वाली महिला बनेगी देश की राष्ट्रपति!" मंत्री दयाशंकर सिंह के बयान ने मचाया सियासी भूचाल
MLA Daya Shankar Singh: परिवहन मंत्री और बलिया सदर से विधायक दया शंकर सिंह ने शनिवार को एक बयान देकर सामाजिक समरसता और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
MLA Daya Shankar Singh
MLA Daya Shankar Singh: उत्तर प्रदेश सरकार में परिवहन मंत्री और बलिया सदर से विधायक दया शंकर सिंह ने शनिवार को एक बयान देकर सामाजिक समरसता और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अगर किसी महिला में योग्यता और क्षमता है, तो हिजाब पहनने वाली महिला भी भारत की प्रथम महिला यानी राष्ट्रपति बन सकती है। उन्होंने साफ कहा कि किसी महिला को उसके पहनावे या धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि उसकी योग्यता के आधार पर आंका जाना चाहिए।
परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह शनिवार को बलिया कलेक्ट्रेट में आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान मीडिया ने उनसे एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के हालिया बयान का हवाला देते हुए सवाल किया, जिस पर उन्होंने यह प्रतिक्रिया दी। दयाशंकर सिंह ने कहा कि देश में हिंदू और मुस्लिम के बीच दूरी पैदा करने की राजनीति नहीं होनी चाहिए, बल्कि समाज को जोड़ने वाले विचारों को आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उदाहरण देते हुए कहा कि आज देश की सर्वोच्च संवैधानिक पद पर एक सामान्य परिवार से आने वाली महिला आसीन हैं। यह पूरे देश की महिलाओं के लिए प्रेरणा है और यह साबित करता है कि भारत में योग्यता और मेहनत के दम पर कोई भी ऊंचे पद तक पहुंच सकता है। महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर दयाशंकर सिंह ने कहा कि महिलाओं का सम्मान हर जगह होना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को किसी वर्ग, जाति या धर्म में बांटने के बजाय उन्हें शिक्षा, राजनीति, प्रशासन और समाज के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।
इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी तीखा हमला बोला। एसआईआर के जरिए एनआरसी लागू करने की साजिश के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए दयाशंकर सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव खुद अपने कार्यकर्ताओं से इस तरह का काम करवा रहे हैं और जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं या जिनके नाम काटे गए हैं, उनकी सूची सार्वजनिक क्यों नहीं की जाती। परिवहन मंत्री ने कहा कि संभव है कि कई लोगों के नाम एक से अधिक जगह मतदाता सूची में दर्ज हों, इसलिए नियमों के तहत उनका नाम केवल एक ही जगह रखा जाता है। उल्लेखनीय है कि दयाशंकर सिंह वर्ष 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से विधायक चुने गए थे।


