Alert! जहां है, वहीं रूक जाएं, आखिर क्यों रोक दी गई केदारनाथ यात्रा?

Kedarnath Yatra News: उत्तराखंड में भारी बारिश और ऑरेंज अलर्ट के चलते केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने यात्रियों की आवाजाही पर रोक लगाई है।

Akriti Pandey
Published on: 31 May 2026 1:44 PM IST
Kedarnath Yatra News
X

Kedarnath Yatra News

Kedarnath Yatra News: उत्तराखंड में खराब मौसम और लगातार हो रही भारी बारिश के चलते केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद प्रशासन ने यह एहतियाती कदम उठाया है। गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप ने जानकारी दी कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है और मौसम सामान्य होने तक यात्रा को रोक दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत श्रीनगर और ऋषिकेश में भी यात्रियों को रोकने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

चारधाम क्षेत्र में लगातार बारिश और बर्फबारी

प्रदेश के चारधाम क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह से बिगड़ा हुआ है। चमोली जिले में सुबह से ही मूसलाधार बारिश हो रही है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है। प्रसिद्ध सिख तीर्थ हेमकुंड साहिब में भी लगातार हिमपात हो रहा है। वहीं बद्रीनाथ धाम में नर-नारायण और नीलकंठ पर्वतों पर बर्फ की सफेद चादर बिछी हुई है, जिससे क्षेत्र का तापमान काफी नीचे चला गया है।

पिछले कुछ महीनों में असामान्य बारिश

आंकड़ों के अनुसार उत्तराखंड में पिछले चार महीनों में सामान्य से लगभग 45 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। हाल के दिनों में जहां देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और काशीपुर जैसे क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था, वहीं पिछले 48 घंटों में मौसम ने अचानक करवट ली और कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई।

केदारनाथ यात्रा ने बनाया नया रिकॉर्ड

मौसम की चुनौतियों के बावजूद केदारनाथ धाम की यात्रा इस वर्ष ऐतिहासिक रही है। मात्र 39 दिनों के भीतर 10 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं, जो अपने आप में एक नया रिकॉर्ड है। यह आंकड़ा चारधाम यात्रा के इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का उत्साह लगातार देखने को मिल रहा है। खराब मौसम के बावजूद हर दिन बड़ी संख्या में यात्री केदारनाथ पहुंच रहे थे, जिससे यात्रा ने तेज गति से यह उपलब्धि हासिल की।

प्रशासन अलर्ट, स्थिति पर नजर

प्रशासन ने साफ किया है कि मौसम सामान्य होते ही यात्रा को फिर से शुरू किया जाएगा। फिलहाल पूरे चारधाम क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

Akriti Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Akriti Pandey

Akriti Pandey is a Education & job Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story