TRENDING TAGS :
Uttarakhand News: रुद्रप्रयाग में बड़ा हादसा, केदारनाथ जा रही कार नदी किनारे गिरी
Uttarakhand News: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में केदारनाथ जा रही एक कार अचानक 50 मीटर नीचे नदी किनारे जा गिरी, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। एसडीआरएफ और पुलिस की तत्परता से पांच यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
Rudraprayag
Uttarakhand News: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद में रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के समीप केदारनाथ धाम की ओर जा रही एक महिंद्रा एक्सयूवी 700 अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 50 मीटर नीचे नदी किनारे पानी में जा गिरी।
वाहन में सवार पांच यात्रियों को पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जबकि तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
सुबह पांच बजे शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह पांच बजे स्थानीय प्रशासन को दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रुद्रप्रयाग पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), डीडीआरएफ और 108 एम्बुलेंस सेवा की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर नदी किनारे गिरे वाहन तक पहुंचने के लिए विशेष अभियान चलाया।
पश्चिम बंगाल के श्रद्धालु केदारनाथ यात्रा पर थे
बताया गया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन संख्या यूपी-16 डीके 0856 पश्चिम बंगाल से आए श्रद्धालुओं को लेकर केदारनाथ धाम की यात्रा पर जा रहा था। अचानक वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ने से कार सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन राहत टीमों की तत्परता के चलते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घायलों की पहचान, अस्पताल में इलाज जारी
दुर्घटना में घायल यात्रियों की पहचान प्रिंस सिंह, सभीमा सिंह, सुजोन मुखर्जी, ऋजा मुखर्जी और वाहन चालक प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। इनमें दो महिला यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य तीन यात्रियों को हल्की चोटें लगी हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
समय रहते बचाव कार्य से टली बड़ी जनहानि
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से एक बड़ी जनहानि टल गई। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। चारधाम यात्रा के दौरान पहाड़ी मार्गों पर लगातार बढ़ते यातायात के बीच प्रशासन ने यात्रियों से सतर्कता बरतने और सुरक्षित गति से वाहन चलाने की अपील की है। वहीं, इस घटना में सभी यात्रियों के सुरक्षित बच जाने से राहत की सांस ली जा रही है।


